बाहुबली नेता अतीक अहमद के घर पर सीबीआई की छापेमारी, बड़ी संख्या में सुरक्षा बल तैनात

Published : Jul 17, 2019, 01:07 PM IST
बाहुबली नेता अतीक अहमद के घर पर सीबीआई की छापेमारी, बड़ी संख्या में सुरक्षा बल तैनात

सार

देवरिया जेलकांड की जांच कर रही सीबीआई की टीम ने प्रयागराज के बाहुबली नेता अतीक अहमद के ठिकानों पर छापेमारी की है। सुरक्षा के लिहाज से सीबीआई के टीम के साथ भारी संख्या में पीएसी और रैपिड एक्शन फोर्स के जवान भी छापेमारी के लिए पहुंचे।   

प्रयागराज: देवरिया जेलकांड की जांच कर रही सीबीआई की टीम ने पूर्व सांसद अतीक अहमद पर शिकंजा कस दिया है। सीबीआई की टीम ने कार्रवाई करते हुए बाहुबली नेता के कई ठिकानों पर छापेमारी की है। अतीक के इलाहाबाद स्थित घर और कार्यालय पर सीबीआई की टीम ने छापे मारे हैं। अतीक अहमद के निवास और कार्यालय पर भारी मात्रा में पीएसी और पुलिस ने दबिश दी है और घर का कोना-कोना खंगाल रही है। आपको बता दें कि देवरिया जेल कांड में कोर्ट के आदेश के बाद केंद्रीय जांच एजेंसी ने अतीक के खिलाफ कार्रवाई की है।

 होटलों में ठहरते थे अतीक के गुर्गे

इससे पहले मंगलवार को देवरिया जेलकांड की जांच कर रही सीबीआई की टीम जिले में डटी रही। देवरिया के होटलों का रिकॉर्ड खंगाल रही टीम यह जानने में जुटी रही कि देवरिया जेल में अतीक के रहने के दौरान किस-किसने यहां ठिकाना बनाया था। अतीक के गैंग से जुड़े लोग कब-कब और किस होटल में रहे। टीम जिला जेल से रिहा हुए उन बंदियों से भी पूछताछ में जुटी है जो अतीक के साथ उसके या आसपास की बैरक में रहे।अतीक अहमद ने लखनऊ के रियल एस्टेट व्यापारी मोहित जायसवाल का 26 दिसंबर को गुर्गों के जरिए अपहरण कराके देवरिया जेल बुलाया था। यहां उसकी बर्बरतापूर्वक पिटाई के बाद करोड़ों रुपये की प्रापर्टी जबरन अपने व करीबियों के नाम करा ली थी। साक्ष्य जुटाने के लिए सीबीआई टीम करीब एक माह से जिले में डटी है। सिंचाई विभाग के डाक बंगले में रुकी टीम ने कई बार जेल जाकर बंदियों-कैदियों, बंदीरक्षकों व जेल अधिकारियों के बयान दर्ज किए। 

जेल से फिरौती का धंधा चलाता था अतीक

अब तक की छानबीन में यह सामने आया है कि अप्रैल 2017 से देवरिया जेल में आने के बाद अतीक के तमाम गुर्गे व करीबी भी यहीं ठिकाना बनाए रहे। कई बार उनके माध्यम से बड़े कारोबारियों को देवरिया बुलाया गया और उनसे रंगदारी ली गई। शहर के होटलों में ही उनका ठिकाना रहा। दो दिन पहले ही शहर के स्टेशन रोड, पुरवा, राघवनगर के होटलों के अभिलेखों की जांच की गई। स्टेशन रोड के कुछ होटलों से टीम को महत्वपूर्ण दस्तावेज हाथ लगे हैं। इसके अलावा टीम कुशीनगर के उन बंदियों से भी पूछताछ कर जानकारी जुटा रही हैजो अतीक के साथ या उसके आसपास के बैरक में रहे हैं। अंदेशा है कि अतीक ने उनकी जेल के अंदर से ही कई मामलों में मदद की थी। इसके बदले जेल से बाहर निकलने पर वे अतीक की मदद करते थे। टीम के अभी कुछ दिन और जिले में ही रहने की संभावना है।

फिलहाल अहमदाबाद की जेल में बंद है अतीक 
माफिया डॉन अतीक अहमद को सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के बाद उत्तर प्रदेश की नैनी सेंट्रल जेल से अहमदाबाद जेल में शिफ्ट किया गया। माफिया अतीक पर कई दर्जन मुकदमें दर्ज हैं। अतीक के लिए योगी सरकार को हर महीने एक लाख रुपये खर्च करने होंगे और ये पैसा अहमदाबाद जेल को यूपी की योगी आदित्यनाथ सरकार देगी। यही नहीं माफिया अतीक को ट्रेन के जरिए नहीं बल्कि हवाई मार्ग के जरिए गुजरात भेजा गया। अतीक को तीन महीने के लिए अहमदाबाद भेजा गया है।

PREV

MyNation Hindi पर पाएं आज की ताजा खबरें (Aaj Ki Taza Khabar)। यहां आपको राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, ब्रेकिंग न्यूज़ और देश-दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं की तुरंत और भरोसेमंद जानकारी मिलती है। राजनीति, अर्थव्यवस्था, खेल, मनोरंजन और टेक सहित हर बड़ी खबर पर रहें अपडेट—तेज, सटीक और आसान भाषा में।

Recommended Stories

Surat Google Workspace Training: सार्वजानिक विश्वविद्यालय में 9 दिन का FDP, शिक्षकों-कर्मचारियों को मिला डिजिटल प्रशिक्षण
Corporate Connections BHAF 2026: सूरत में जुटेंगे देशभर के बिज़नेस लीडर्स, 13-14 मार्च को होगा बड़ा फोरम