कांग्रेस का घोषणापत्रः गरीबों को हर साल 72 हजार और किसानों को अलग बजट समेत 5 बड़े वादे

Published : Apr 02, 2019, 03:38 PM ISTUpdated : Apr 02, 2019, 03:40 PM IST
कांग्रेस का घोषणापत्रः गरीबों को हर साल 72 हजार और किसानों को अलग बजट समेत 5 बड़े वादे

सार

कांग्रेस ने गांवों में हर साल लाखों युवाओं को रोजगार देने, राफेल एवं भ्रष्टाचार के अन्य मामलों की जांच कराने, राष्ट्रीय एवं आंतरिक सुरक्षा पर जोर देने तथा अनुसूचित जाति, जनजाति, ओबीसी, अल्पसंख्यकों एवं महिलाओं के विकास के लिए कदम उठाने जैसे कई प्रमुख वादे किए हैं।

कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव 2019 के लिए अपना घोषणापत्र जारी कर दिया है। कांग्रेस ने 'हम निभाएंगे' के वादे के साथ न्यूनतम आय योजना, रोजगार सृजन और किसानों के लिए अलग बजट समेत 5 बड़े ऐलान किए हैं। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने पार्टी का घोषणापत्र जारी करते हुए गरीबों को न्यूनतम आय योजना (न्याय) के तहत सालाना 72 हजार रुपये देने और किसानों की स्थिति सुधारने के लिए अलग बजट के प्रावधान का वादा किया। 

पार्टी ने सभी के लिए गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा की उपलब्धता, सरकारी सेवाओं की 22 लाख रिक्तियों को भरने, गांवों में हर साल लाखों युवाओं को रोजगार देने, राफेल एवं भ्रष्टाचार के अन्य मामलों की जांच कराने, राष्ट्रीय एवं आंतरिक सुरक्षा पर जोर देने तथा अनुसूचित जाति, जनजाति, ओबीसी, अल्पसंख्यकों एवं महिलाओं के विकास के लिए कदम उठाने जैसे कई प्रमुख वादे किए हैं। 

यूपीए प्रमुख सोनिया गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, कोषाध्यक्ष अहमद पटेल, घोषणापत्र समिति के प्रमुख पी चिदंबरम, संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, पूर्व केंद्रीय मंत्री एके एंटनी और पार्टी के कई अन्य वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में यह घोषणा पत्र जारी किया गया। 

'पंजे' की थीम पर पांच बड़े वादे

1. घोषणा पत्र में ‘न्याय’ योजना का प्रमुखता से उल्लेख है जिसके तहत गरीबों को 72,000 रुपये सालाना देने के वादा किया गया है। इसके मुताबिक, हर साल गरीब तबके के 20 फीसदी लोगों के खाते में 72,000 रुपये डाले जाएंगे। कांग्रेस ने इस स्कीम के लिए 'गरीबी पर वार, हर साल 72 हजार' का नारा दिया है। इस मौके पर राहुल गांधी ने कहा, ' प्रधानमंत्री ने 15 लाख रूपये का झूठा वादा किया। लेकिन हमने विचार किया कि कुल कितना पैसा लोगों के खाते में डाला जा सकता है। फिर हमने कहा कि गरीबी पर वार, 72 हजार ।' 

2. कांग्रेस ने 22 लाख सरकारी नौकरियों का वादा किया है। 10 लाख लोगों को ग्राम पंचायतों में रोजगार देने का वादा किया गया है। इसमें कहा गया है कि 3 साल तक युवाओं को कारोबार करने के लिए किसी से भी अनुमति लेने की जरूरत नहीं है। राहुल गांधी ने कहा, ' रोजगार का मुद्दा दूसरा बड़ा वादा है। 22 लाख सरकारी नौकरियां खाली पड़ी हैं। इन रिक्तियों को एक साल में भरा जाएगा। ग्रामीण इलाकों में हर साल 10 लाख युवाओं को रोजगार दिया जाएगा।' 

3. कांग्रेस ने मनरेगा में काम के दिन 150 करने की बात कही है। इस पर राहुल ने कहा, मनरेगा में कार्य दिवसों की संख्या को 100 दिन से बढ़कर 150 दिन किया जाएगा।

4. कांग्रेस की ओर से किसानों के लिए अलग से बजट की बात कही गई है। राहुल गांधी ने कहा, 'किसानों के लिए अलग बजट होगा। किसान ईमानदार हैं । हमने निर्णय लिया है कि कर्ज अदायगी नहीं करने पर किसानों के खिलाफ फौजदारी अपराध का मामला दर्ज नहीं होगा, दीवानी अपराध का मामला होगा।' 

5. शिक्षा के बजट को बढ़ाने का वादा। कांग्रेस ने यूनिवर्सिटी, आईआईटी, आईआईएम समेत शीर्ष संस्थानों तक गरीबों की पहुंच को आसान करने का वादा किया है। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, शिक्षा पर बजट का छह फीसदी खर्च किया जाएगा और गरीब से गरीब व्यक्ति को उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सेवा सुनिश्चित की जाएगी।

PREV

MyNation Hindi पर पाएं आज की ताजा खबरें (Aaj Ki Taza Khabar)। यहां आपको राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, ब्रेकिंग न्यूज़ और देश-दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं की तुरंत और भरोसेमंद जानकारी मिलती है। राजनीति, अर्थव्यवस्था, खेल, मनोरंजन और टेक सहित हर बड़ी खबर पर रहें अपडेट—तेज, सटीक और आसान भाषा में।

Recommended Stories

Surat Google Workspace Training: सार्वजानिक विश्वविद्यालय में 9 दिन का FDP, शिक्षकों-कर्मचारियों को मिला डिजिटल प्रशिक्षण
Corporate Connections BHAF 2026: सूरत में जुटेंगे देशभर के बिज़नेस लीडर्स, 13-14 मार्च को होगा बड़ा फोरम