
'गौरक्षा' को लेकर भाजपा पर निशाना साधने वाली कांग्रेस भी अब गौमाता की शरण में जाती दिख रही है। संभवतः पार्टी को लग रहा है कि मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में 'गाय के मुद्दे' की अनदेखी कर जीतना मुश्किल हो सकता है। लिहाजा पार्टी पूरे प्रदेश में गौशाला बनाने की बात कर रही है। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के चेहरे के साथ 'घोषणा नहीं वचन' के पोस्टर राज्य में कई जगह नजर आ रहे हैं।
इस बार जीतने के लिए कांग्रेस गाय से लेकर ट्विटर फॉलोअर तक हर दांव आजमाना चाहती है। यह पहली बार है जब कांग्रेस ने चुनाव जीतने के लिए भाजपा का तरीका अपनाया है। गाय के अलावा कांग्रेस की मध्य प्रदेश इकाई आने वाले सभी हिंदू त्यौहारों को लेकर पोस्टर तैयार करवा रही है।
पार्टी की ओर से सोमवार को कमलनाथ की तरफ से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने एक पोस्टर जारी किया। इसमें गौशाला सबसे ऊपर थी। इसमें वादा किया गया है कि कांग्रेस सरकार आने के बाद राज्य की सभी पंचायतों में गौशाला बनाई जाएंगी। पोस्टर में कमलनाथ कह रहे हैं, 'प्रदेश की हर पंचायत में गौशाला बनाएंगे। ये घोषणा नहीं, वचन है।' हाल ही में एक इंटरव्यू में कमलनाथ ने कहा था कि भारत में पशुओं की पूजा की जाती है। इसलिए कांग्रेस भी गायों का संरक्षण करना चाहती है।
सोमवार को प्रदेश कांग्रेस इकाई की ओर से जारी एक पत्र में कहा गया कि पार्टी आगामी विधानसभा चुनावों में केवल उन्हीं लोगों को टिकट देगी जिनके ट्विटर पर कम से कम 5,000 फॉलोअर और फेसबुक पर 15,000 लाइक होंगे।
कुछ दिन पहले कमलनाथ पार्टी की आईटी सेल पर खूब बरसे थे, इसके बाद वहां काफी फेरबदल देखने को मिला। पार्टी की ओर से चंद्रप्रभाष शेखर द्वारा एक आंतरिक पत्र भी जारी किया गया है। इसमें कहा गया है कि प्रत्याशियों की जांच उनकी सोशल मीडिया पर मौजूदगी के आधार पर होगी।
'माय नेशन' को मिले इस पत्र के मुताबिक, प्रत्याशियों का ट्विटर और फेसबुक पेज होना जरूरी है। कांग्रेस की मध्य प्रदेश इकाई द्वारा किए जाने वाले ट्वीट को प्रत्याशियों को री-ट्वीट, लाइक और शेयर करना होगा। अपनी दावेदारी के मजबूत करने के लिए ज्यादा से ज्यादा फॉलोअर होना अनिवार्य है।
पार्टी चुनाव से पहले आने वाले सभी हिंदू त्यौहारों को लेकर पोस्टर बनाने की प्रक्रिया में है। पार्टी ने अपने सभी बड़े नेताओं से एक पेशेवर फोटोशूट करवाने को कहा है। इन्हें आने वाले त्यौहारों के समय पर पोस्टरों पर इस्तेमाल किया जाएगा।
MyNation Hindi पर पाएं आज की ताजा खबरें (Aaj Ki Taza Khabar)। यहां आपको राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, ब्रेकिंग न्यूज़ और देश-दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं की तुरंत और भरोसेमंद जानकारी मिलती है। राजनीति, अर्थव्यवस्था, खेल, मनोरंजन और टेक सहित हर बड़ी खबर पर रहें अपडेट—तेज, सटीक और आसान भाषा में।