ब्रिटिश नागरिकता विवादः भाजपा ने पूछा, 'राहुल लंदन के हैं या लुटियंस वाले', प्रियंका बोली, 'क्या बकवास है'

Published : Apr 30, 2019, 03:37 PM IST
ब्रिटिश नागरिकता विवादः भाजपा ने पूछा, 'राहुल लंदन  के हैं या लुटियंस वाले', प्रियंका बोली,  'क्या बकवास है'

सार

भाजपा सांसद सुब्रमण्यम स्वामी ने गृह मंत्रालय को एक चिट्ठी लिखकर राहुल गांधी के ब्रिटिश नागरिक होने का दावा किया है। इसके बाद कांग्रेस अध्यक्ष को गृह मंत्रालय ने नोटिस जारी किया है। 

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की नागरिकता पर सियासी संग्राम बढ़ता जा रहा है। भाजपा नेता सुब्रह्मण्यम स्वामी के आवेदन पर केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा राहुल को नोटिस भेजे जाने के बाद वह विरोधियों के निशाने पर आ गए हैं। भाजपा ने राहुल से हकीकत बताने की मांग की है। उधर, राहुल की बहन और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने पूरे मामले को बकवास बताते हुए खारिज कर दिया है।

जब प्रियंका से गृह मंत्रालय के पत्र पर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा, 'मैंने ऐसी बकवास पहले कभी नहीं सुनी। पूरा हिंदुस्तान जानता है कि राहुल गांधी हिंदुस्तानी हैं। उनके सामने वह पैदा हुआ, उनके सामने उसकी परवरिश हुई और उनके सामने वह बड़ा हुआ। सबको मालूम है, क्या बकवास है यह।' 

इससे पहले, कांग्रेस अध्यक्ष पर हमलावर हुई भाजपा ने राहुल पर तीखे हमले किए। पार्टी प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि राहुल को हकीकत बतानी पड़ेगी। राहुल की विदेश यात्रा, कंपनी और डिग्री हर चीज संदिग्ध है। राहुल और कन्फ्यूजन एक दूसरे के पर्यायवाची हैं। राहुल के पद चिह्न हिममानव की तरह हैं। यह कहां जा रहे हैं। भाजपा ने पूछा है कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी स्पष्ट करें कि वह लंदन वाले हैं या लुटियंस वाले। 

उधर, कांग्रेस ने कहा है कि राहुल जन्मजात भारतीय नागरिक हैं , लेकिन ‘फर्जी विमर्श’ के जरिये बेरोजगारी एवं कृषि संकट जैसे असल मुद्दों से ध्यान भटकाने का प्रयास किया जा रहा है। पार्टी प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा, ‘पूरी दुनिया जानती है कि राहुल जन्मजात भारतीय हैं। पीएम मोदी के पास बेरोजगारी, कृषि संकट और कालेधन के मुद्दों पर कोई जवाब नहीं है। ऐसे में वह ध्यान भटकाने के लिए फर्जी विमर्श बना रहे हैं।’ 

क्या है पूरा मामला 

दरअसल, भाजपा सांसद सुब्रमण्यम स्वामी ने गृह मंत्रालय को एक चिट्ठी लिखकर राहुल गांधी के ब्रिटिश नागरिक होने का दावा किया है। इसके बाद कांग्रेस अध्यक्ष को गृह मंत्रालय ने नोटिस जारी किया है। राहुल से 15 दिन में नोटिस का जवाब मांगा गया है। 

स्वामी ने क्या किया है दावा

स्वामी ने दावा किया कि 2003 में ब्रिटेन में बैक्रॉप्स लिमिटेड नामक कंपनी का रजिस्ट्रेशन हुआ था। इस कंपनी का पता 51 साउथगेट स्ट्रीट, विंचेस्टर, हैंपशायर एसO23 9ईएच है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी इसके एक निदेशक और सचिव थे। कंपनी के 10-10-2005 और 31-10-2006 को फाइल किए गए वार्षिक रिटर्न में राहुल की जन्मतिथि 19-06-1970 दर्ज की गई। इसमें उनकी नागरिकता ब्रिटिश बताई गई है। 17-02-2009 को डिस्लूशन आवेदन में भी राहुल की नागरिकता ब्रिटिश बताई गई है। 

PREV

MyNation Hindi पर पाएं आज की ताजा खबरें (Aaj Ki Taza Khabar)। यहां आपको राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, ब्रेकिंग न्यूज़ और देश-दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं की तुरंत और भरोसेमंद जानकारी मिलती है। राजनीति, अर्थव्यवस्था, खेल, मनोरंजन और टेक सहित हर बड़ी खबर पर रहें अपडेट—तेज, सटीक और आसान भाषा में।

Recommended Stories

Pride of Gujarat Award 2026: Ajay's Café ने जीता 'लीडिंग कैफे चेन ऑफ द ईयर' अवॉर्ड, CM भूपेंद्र पटेल ने दिया सम्मान
Parkside Premier league 2.0: सूरत इको पार्कसाइड में क्रिकेट का महाकुंभ, महिलाओं की एंट्री बनी सबसे बड़ा आकर्षण