जानिये क्या हुआ था हयात होटल में 13-14 अक्टूबर की रात

ankur sharma |  
Published : Oct 16, 2018, 06:08 PM IST
जानिये क्या हुआ था हयात होटल में 13-14 अक्टूबर की रात

सार

पीड़ित आया सामने, बताया - आरोपी के साथ आई महिलाओं द्वारा ट्रांसजेंडर कहने पर हुआ था झगड़ा। पुलिस ने दर्ज किया बयान। होटल की लॉगबुक में दर्ज है घटना का पूरा ब्यौरा।

दिल्ली के पांच सितारा होटल हयात में 13-14 अक्टूबर की रात हुई घटना ने राजधानी में सुरक्षा-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। विवाद के बाद खुलेआम पिस्टल लहराकर धमकाने का वीडियो वायरल होने के बाद दिल्ली पुलिस हरकत में आ गई है। आरोपी की धरपकड़ के लिए तीन टीमें बनाई गई हैं। आरोपी आशीष पांडे अंबेडकरनगर से बसपा के पूर्व सांसद राकेश पांडे का बेटा और जलालपुर से बसपा विधायक रितेश पांडे का बड़ा भाई है। वीडियो में उसके हाथ में नजर आ रही पिस्टल विदेशी है। 

'माय नेशन' को मिली एक्सक्लूसिव जानकारी के अनुसार, हयात होटल ने अपनी सुरक्षा लॉग बुक में पूरी घटना का सिलसिलेवार ब्यौरा दर्ज किया है। इसके अनुसार, '14 अक्टूबर, 2018 को 03.40 मिनट पर मिस्टर प्रीतीश (असिस्टेंट मैनेजर कैफे) ने  असिस्टेंट मैनेजर सुरक्षा विजय को बताया कि कैफे के लेडी वॉशरूम में एक कपल चला गया है। इस पर असिस्टेंट मैनेजर सुरक्षा विजय महिला सिक्योरिटी गार्ड के साथ वहां पहुंचे। उन्होंने देखा कि जो व्यक्ति लेडी वॉशरूम में घुसा था उसे कुछ महिलाओं ने पहले ही वहां से बाहर कर दिया था।'

"

होटल स्टॉफ ने अपनी लॉगबुक में लिखा है, 'महिलाओं के एक ग्रुप में से एक महिला ने मेहमान जोड़े पर कोई तंज कसा, इसके बाद मेन पोर्ट में गर्मागर्म बहस शुरू हो गई। इस दौरान महिलाओं के साथ आए एक पुरुष ने कार (UP 32RJ****) से अपनी पिस्टल निकाल ली। वह जैसे ही इस जोड़े की ओर बढ़ा उसे असिस्टेंट मैनेजर सुरक्षा विजय और असिस्टेंट मैनेजर सुरक्षा सावन ने रोक लिया। इसके बाद वे सभी अपनी कार (UP 32RJ****) से होटल परिसर से चले गए। लॉबी एरिया में जिस मेहमान जोड़े को बचाया गया वह भी कैफे में खाना खाने के बाद होटल से चला गया।'

पुलिस का दावा है कि विवाद तब शुरू हुआ जब आशीष के साथ आई एक महिला ने वीडियो में नजर आ रहे जोड़े पर तंज कसा। इसके बाद आशीष ने अपनी पिस्टल निकाल ली। दक्षिण-पश्चिम के डीसीपी देवेंद्र आर्य के मुताबिक, आरोपी आशीष पांडे के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। आशीष की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित की गई हैं। 

इस घटना के कुछ घंटे पहले सोनिया गांधी के दामाद रॉबर्ट वाड्रा भी होटल हयात में मौजूद थे। वाड्रा ने इस घटना के बाद कहा, 'मुझे हमारे बच्चों और राजधानी दिल्ली के लोगों की सुरक्षा को लेकर डर लग रहा है। किस तरह की कानून-व्यवस्था है, कौन जिम्मेदार है?  मुख्यमंत्री देख रहे हैं हो क्या रहा है? क्या वे इस तरह खुलेआम बंदूक लहराने की घटना के बाद कार्रवाई का कोई उदाहरण पेश करेंगे। भगवान हमारी मदद करे।'

इस मामले में होटल प्रबंधन की ओर से बड़ी लापरवाही नजर आ रही है। होटल प्रबंधन ने घटना के बाद पुलिस को तत्काल सूचित नहीं किया। उन्होंने घटना को लॉग किया और बाद में होटल के असिस्टेंट मैनेजर सावन कुमार ने पुलिस में एक लिखित शिकायत दर्ज कराई। 

आशीष पांडे द्वारा जिस शख्स गौरव सिंह को धमकाया गया पुलिस उससे भी संपर्क किया। गौरव ने पुलिस को बताया कि उसकी महिला मित्र उल्टी आने की बात कहकर वॉशरूम गई थी। वहां कोई सहायक मौजूद नहीं था। इस पर उसने मुझे मदद के लिए बुलाया। तभी वहां तीन महिलाएं आ गईं। ये वही महिलाएं थीं जो आशीष के साथ थीं। गौरव को महिलाओं के वॉशरूम में देखने के बाद उन्होंने गौरव पर ट्रांसजेंडर होने का तंज कसा। 

बाद में होटल के बाहर आशीष ने गौरव को पिस्टल दिखाकर धमकाया। घटना के बाद गौरव और उसकी दोस्त अपनी बीएमडब्ल्यू में होटल से चले गए।

PREV

MyNation Hindi पर पाएं आज की ताजा खबरें (Aaj Ki Taza Khabar)। यहां आपको राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, ब्रेकिंग न्यूज़ और देश-दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं की तुरंत और भरोसेमंद जानकारी मिलती है। राजनीति, अर्थव्यवस्था, खेल, मनोरंजन और टेक सहित हर बड़ी खबर पर रहें अपडेट—तेज, सटीक और आसान भाषा में।

Recommended Stories

Surat Google Workspace Training: सार्वजानिक विश्वविद्यालय में 9 दिन का FDP, शिक्षकों-कर्मचारियों को मिला डिजिटल प्रशिक्षण
Corporate Connections BHAF 2026: सूरत में जुटेंगे देशभर के बिज़नेस लीडर्स, 13-14 मार्च को होगा बड़ा फोरम