
हैदराबाद: आंध्र प्रदेश इस बार एनडीए के खाते में जाता हुआ दिख रहा है। यहां लोकसभा और विधानसभा चुनाव एक साथ ही हुए हैं। यहां लोकसभा की 25 और विधानसभा की 175 सीटें हैं।
एग्जिट पोल के नतीजों के मुताबिक आंध्र प्रदेश विधानसभा में सत्तासीन मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडु के नेतृत्व वाली टीडीपी(तेलगू देसम पार्टी) का विदाई होने वाली है।
लेकिन उनके मुख्य प्रतिद्वंदी वाईएसआर कांग्रेस के जगनमोहन रेड्डी के लिए अच्छी खबर है। उन्हें लोकसभा और विधानसभा दोनों में अच्छी संख्या में सीटें मिलने की संभावना जताई जा रही है।
यह पीएम मोदी के लिए अच्छी खबर है। क्योंकि वाईएसआर कांग्रेस के साथ बीजेपी का चुनाव पूर्व समझौता है और जगनमोहन रेड्डी की यह पार्टी काफी पहले से एनडीए के कुनबे में शामिल है।
आंध्र प्रदेश की सभी 25 लोकसभा और 175 विधानसभा सीटों पर पहले चरण यानी 11 अप्रैल को ही मतदान हो गया था। लेकिन इन दोनों चुनावों के परिणाम 23 मई को ही पूरे देश के परिणामों के साथ ही आएंगे।
पहले नजर डालते हैं कि आंध्र प्रदेश की लोकसभा सीटों के लिए एग्जिट पोल के परिणामों पर-
- एनडीटीवी के पोल ऑफ एग्जिट पोल्स के मुताबिक आंध्र प्रदेश में तेलगूदेसम पार्टी को 10 सीटें मिलने की संभावना है। जबकि वाईएसआर कांग्रेस को 15 सीटें मिल सकती हैं।
- लेकिन एबीपी न्यूज और नील्सन के सर्वे में जगनमोहन रेड्डी की वाईएसआर कांग्रेस ज्यादा फायदा होता हुआ दिख रहा है। इस एग्जिट पोल में उन्हें 25 में से 20 सीटें मिलती हुई दिखाई दे रही हैं। जबकि चंद्रबाबू नायडु की टीडीपी को मात्र 5 सीटें मिलती हुई दिख रही हैं।
- आज तक और एक्सिस माय इंडिया के एग्जिट पोल में भी कुछ ऐसा ही अंदाजा लगाया गया है। जिसमें टीडीपी को 4 से 6 और वाईएसआर कांग्रेस को 18 से 20 सीटें मिलती हुई दिखाई जा रही हैं।
अब बात करते हैं आंध्र प्रदेश में 175 विधानसभा सीटों के लिए हुए चुनाव के परिणामों की-
- इंडिया टुडे-ऐक्सिस के एग्जिट पोल के मुताबिक आंध्र प्रदेश के विधानसभा चुनाव में वाईएसआर कांग्रेस को 130 से 135 सीटें जबकि सत्तारुढ़ टीडीपी को 37 से 40 सीटें मिलने की संभावना जताई गई है।
- पीपुल्स पल्स नाम की संस्था के सर्वे के परिणामों के अनुसार वाईएसआर कांग्रेस को आंध्र में 112 और टीडीपी को 59 सीटें मिलती हुई बताई जा रही हैं।
- तेलगू समाचार चैनल टीवी-5 के सर्वेक्षणों के नतीजों के मुताबिक सत्तारुढ़ टीडीपी फिर से ज्यादा विधानसभा सीटें जीतकर सत्ता में वापसी कर सकती है। उसे 105 जबकि वाईएसआर कांग्रेस को 68 सीटें मिलने की संभावना जताई गई हैं।
आंध्र प्रदेश में विधानसभा की 175 सीटें हैं। साल 2014 में हुए विधानसभा चुनाव में यहां टीडीपी को 115 सीटें मिली थीं। जबकि वाईएसआर कांग्रेस को 70 सीटें मिली थीं।
एक्जिट पोल के नतीजों को आधार माना जाए तो आंध्र प्रदेश भी केन्द्र में सत्तारुढ़ बीजेपी के पाले में आता हुआ दिख रहा है।
भले ही इस सीट पर बीजेपी को सीधे तौर पर जीत हासिल होती हुई नहीं दिख रही है। लेकिन उसके पुराने गठबंधन सहयोगी जगनमोहन रेड्डी की वाईएसआर कांग्रेस ज्यादा मजबूत होकर उभरती हुई दिख रही है।
लोकसभा सीटों में तो जगनमोहन रेड्डी साफ तौर पर टीडीपी पर बढ़त बनाते हुए दिख रहे हैं। वहीं विधानसभा में भी सिर्फ एक एजेन्सी ने उसे पीछे दिखाया है। जबकि बाकी सभी एजेन्सियों ने आंध्र प्रदेश में जगनमोहन रेड्डी की सरकार बनाते हुए दिखाया है।
MyNation Hindi पर पाएं आज की ताजा खबरें (Aaj Ki Taza Khabar)। यहां आपको राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, ब्रेकिंग न्यूज़ और देश-दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं की तुरंत और भरोसेमंद जानकारी मिलती है। राजनीति, अर्थव्यवस्था, खेल, मनोरंजन और टेक सहित हर बड़ी खबर पर रहें अपडेट—तेज, सटीक और आसान भाषा में।