
नई दिल्ली। बिहार में इस साल विधानसभा चुनाव होने हैं और सभी राजनैतिक दलों ने इसकी तैयारी कर ली है। वहीं अब राज्य में होने वाले चुनाव में भाजपा के नेता और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और संघ के करीबी माने जाने वाले देवेंद्र फडणवीस की एंट्री हो रही है। फडणवीस को चुनावों का बेहतर रणनीतिकार माना जाता है। माना जा रहा है कि भाजपा के बिहार प्रभारी भूपेंद्र यादव के साथ फडणवीस को चुनाव प्रभारी बनाया जा सकता है।
राज्य में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारी तेज कर दी है और उसने स्थानीय स्तर पर पार्टी कार्यकर्ताओं से मौजूदा विधायकों का फीडबैक भी लिया है। वहीं चुनाव के लिए टिकट मांगने वाले स्थानीय नेताओं की भी जानकारी जुटाकर आलाकमान को भेजी है। राज्य में इस साल के आखिर तक चुनाव होने हैं और अभी तक चुनाव आयोग तक समय के अनुसार ही चुनाव कराने की बात कर रहा है। जबकि राज्य में विपक्षी दल चुनाव को टालने की मांग कर रहे हैं।
वहीं भाजपा ने महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को बिहार चुनाव के मद्देनजर अहम जिम्मेदारी देने का फैसला किया है। माना जा रहा है कि फडणवीस को बिहार का चुनाव प्रभारी बनाया जा सकाता है इसका ऐलान जल्द ही किया जा सकता है। बताया जा रहा है कि भाजपा नेता भूपेंद्र यादव के साथ देवेंद्र फडणवीस भी बिहार चुनाव में अहम भूमिका निभाएंगे। चर्चा ये है कि बिहार के संगठन की बैठक में भाजपा नेताओं के साथ ही फडणवीस अब शामिल हो रहे हैं। लिहाजा इसके कारण चर्चाओं का दौर जारी है। देवेंद्र फडणवीस को संघ का करीबी माना जाता है और वह चुनाव के बड़े रणनीतिकार भी माने जाते हैं। लिहाजा पार्टी देवेंद्र फडणवीस और भूपेंद्र यादव की जोड़ी को महाराष्ट्र के बाद बिहार में आजमाना चाहती है।
MyNation Hindi पर पाएं आज की ताजा खबरें (Aaj Ki Taza Khabar)। यहां आपको राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, ब्रेकिंग न्यूज़ और देश-दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं की तुरंत और भरोसेमंद जानकारी मिलती है। राजनीति, अर्थव्यवस्था, खेल, मनोरंजन और टेक सहित हर बड़ी खबर पर रहें अपडेट—तेज, सटीक और आसान भाषा में।