
70वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर 26 जनवरी को होने वाली परेड इस बार कई मायनों में ऐतिहासिक होगी। इसमें भारत ‘नारी शक्ति’का प्रदर्शन करेगा। असम राइफल की एक पूर्ण महिला टुकड़ी के अलावा कई सैन्य टुकड़ियों का नेतृत्व महिलाएं करेंगी। महिला अधिकारियों का बाइक पर स्टंट भी देखने को मिलेगा। पहली बार आजाद हिंद फौज का हिस्सा रहे 90 साल से अधिक उम्र के चार सैनिक भी इस परेड में शामिल होंगे।
चीफ ऑफ स्टाफ (हेडक्वार्टर दिल्ली एरिया) मेजर जनरल राजपाल पुनिया ने यह जानकारी दी है। उन्होंने कहा, ‘यह गणतंत्र दिवस परेड नारी शक्ति का विस्मयकारी प्रदर्शन भी होगा क्योंकि असम राइफल की एक पूर्ण महिला टुकड़ी के अलावा कई टुकड़ियों का महिलाएं नेतृत्व करेंगी।’ नौसेना, सेना सेवा कोर की टुकड़ियों और कोर ऑफ सिग्नल्स की इकाई की भी अगुवाई महिला अधिकारी करेंगी।
जब पुनिया से पूछा गया कि क्या इस गणतंत्र दिवस परेड में अबतक महिलाओं की सबसे बड़ी भागीदारी नजर आएगी तो उन्होंने कहा, ‘इस साल की परेड में उनकी भागीदारी के स्तर खासकर असम राइफल्स की महिला टुकड़ी और अन्य टुकड़ियों की कमान महिलाओं के हाथों में होने को देखते हुए यह परेड में महिलाओं की सबसे बड़ी भागीदारी है।’
सिग्नल कोर की कप्तान शिखा सुरभि अपनी टीम के पुरुष सहयोगियों के साथ बाइक स्टंट करेंगी। मेजर खुशबू कंवर (30) देश के सबसे पुराने अर्द्धसैनिक बल असम राइफल्स की टुकड़ी की अगुवाई करेंगी। उन्होंने कहा, ‘असम राइफल्स की महिला टुकड़ी की अगुवाई करना मेरे लिए सम्मान और गर्व की बात है। मैं राजस्थान के एक बस कंडक्टर की बेटी हूं और यदि मैं यह दायित्व पूरा कर सकती हूं तो कोई भी लड़की अपना सपना पूरा कर सकती है।’
इस बार एम 777 अमेरिकन अल्ट्रा लाइट होवित्जर और के 9 वज्र भी इस साल की परेड में शामिल किए गए हैं। हाल ही में अमेरिका से एम 777 अमेरिकन अल्ट्रा लाइट होवित्जर खरीदी गई है। पुनिया ने कहा कि स्वचालित वज्र प्रधानमंत्री की मेक इन इंडिया पहल का प्रतीक है। बुधवार को यहां गणतंत्र दिवस परेड की फुल ड्रेस रिहर्सल हुई।
MyNation Hindi पर पाएं आज की ताजा खबरें (Aaj Ki Taza Khabar)। यहां आपको राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, ब्रेकिंग न्यूज़ और देश-दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं की तुरंत और भरोसेमंद जानकारी मिलती है। राजनीति, अर्थव्यवस्था, खेल, मनोरंजन और टेक सहित हर बड़ी खबर पर रहें अपडेट—तेज, सटीक और आसान भाषा में।