राहुल गांधी का गठबंधन से इनकार, फजीहत के बाद केजरीवाल बोले; कांग्रेस-भाजपा में गुप्त समझौता

By Team MyNationFirst Published Mar 5, 2019, 5:02 PM IST
Highlights

आम आदमी पार्टी दिल्ली में कांग्रेस से गठबंधन की संभावना देख रही थी लेकिन राहुल गांधी के साथ बैठक के बाद शीला दीक्षित ने गठबंधन की संभावना से साफ इनकार कर दिया। 

लोकसभा चुनाव में दिल्ली में कांग्रेस से गठबंधन की कोशिशे नाकाम होने के बाद आम आदमी पार्टी को फजीहत झेलनी पड़ी है। 'आप' से गठबंधन से इनकार करने पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कांग्रेस पर सीधा हमला बोला है। केजरीवाल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने भाजपा के साथ गुप्त समझौता किया है। आम आदमी पार्टी ने कांग्रेस से गठबंधन करने का काफी प्रयास किया था। कई तरह के ऑफर देने के बाद भी कांग्रेस ने इससे इनकार कर दिया। दरअसल, आप कांग्रेस से गठबंधन की संभावना देख रही थी लेकिन राहुल गांधी के साथ बैठक के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शीला दीक्षित ने गठबंधन से साफ इनकार कर दिया। 

कांग्रेस से मिले इस झटके बाद केजरीवाल ने कांग्रेस पर जमकर भड़ास निकाली। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा, जब पूरा देश मोदी और शाह की जोड़ी को हराना चाहता है, ऐसे समय में कांग्रेस भाजपा विरोधी वोटों को बांटकर भाजपा की ही मदद कर रही है। 

केजरीवाल ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा, 'ऐसी अफवाहें हैं कि कांग्रेस का भाजपा के साथ गुप्त गठबंधन है। 'आप' दिल्ली भाजपा और कांग्रेस के गठबंधन से लड़ने के लिए तैयार है। जनता इस अनैतिक गठबंधन को हराएगी।' 

वहीं पार्टी के नेता गोपाल राय ने कहा कि न सिर्फ दिल्ली, कांग्रेस उत्तर प्रदेश में भी एसपी-बीएसपी के खिलाफ उम्मीदवार उतारकर भाजपा की मदद कर रही है। पश्चिम बंगाल में भी ममता बनर्जी के साथ न आकर भाजपा को मदद पहुंचाई जा रही है। गोपाल राय ने कहा, 'मैं भाजपा को चुनौती देता हूं कि  वह जवानों की आड़ के बिना चुनाव लड़के दिखाओ, सब पता लग जाएगा। देश चाहता है कि लोकतंत्र बचे, इसके लिए हम हर संभाव कोशिश करेंगे।' 

Not just in Delhi, The Congres is helping BJP in UP against the SP-BSP alliance, they are helping BJP in West Bengal against Mamta Banerjee as well.

Congress is helping BJP on pan India level : pic.twitter.com/395iaDddbT

— AAP (@AamAadmiParty)

इससे पहले प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शीला दीक्षित ने कहा था कि सर्वसम्मति से आप के साथ गठबंधन न करने का फैसला लिया गया है। आम आदमी पार्टी जहां गठबंधन के लिए पूरा जोर लगाए हुए थी, वहीं दिल्ली कांग्रेस के नेता इसके विरोध में थे। इससे पहले ऐसी अटकलें थीं कि आप और कांग्रेस आपस में 3-3 सीटें बांट सकती हैं और 1 सीट निर्दलीय के लिए छोड़ी जा सकती है। 

मंगलवार दोपहर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने गठबंधन पर राय जानने के लिए दिल्ली कांग्रेस के नेताओं के साथ अहम बैठक की। बैठक में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी और दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष शीला दीक्षित भी मौजूद थीं। दिल्ली कांग्रेस के नेताओं की राय को तवज्जो देते हुए राहुल ने गठबंधन का रास्ता बंद कर दिया। बैठक के बाद शीला दीक्षित ने साफ किया कि कांग्रेस दिल्ली में आप से गठबंधन नहीं करने जा रही है। 

click me!