
भोपाल। मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री कमलनाथ को उनके मंत्री ही कठघरे में खड़ा कर रहे हैं। कुछ दिन पहले राज्य की मंत्री इमरती देवी ने कमलनाथ सरकार को कठघरे में खड़ा किया तो अब राज्य के वरिष्ठ मंत्री गोविंद सिंह ने आरोप लगाया है कि राज्य सरकार अभी तक अपने वादे निभाने में विफल रही है।
राज्य के सामान्य प्रशासन मंत्री गोविंद सिंह ने कहा कि चुनाव से पहले तत्कालीनी कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा था कि दस दिनों के भीतर किसानों के कर्ज माफ किए जाएंगे, लेकिन अभी तक राज्य सरकार अपना वादा नहीं निभा सकी है। गोविंद ने एक तरह से राज्य के सीएम कमलनाथ पर हमला किया है। गोविंद सिंह ने कहा कि राज्य में पिछले दिनों जो हनीट्रैप केस हुआ उसमें शामिल लोगों के नाम सार्वजनिक उजागर किए जाए।
क्योंकि इसमें कई नेता और नौकरशाह शामिल हैं। ऐसा कर राज्य सरकार नजीर पेश करेगी। हालांकि राज्य में किसानों के कर्जमाफी को लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया भी राज्य सरकार पर कटाक्ष कर चुके हैं। उन्होंने कहा था कि राज्य सरकार अपना वादा पूरा नहीं कर सकी है। वहीं राज्य के पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने भी राज्य सरकार को कठघरे में खड़ा किया था। हालांकि दिग्विजय सिंह कई बार राज्य सरकार के खिलाफ बयान दे चुके हैं। कमलनाथ सरकार के मंत्री ने कहा कि उम्मीद है कि राज्य सरकार जल्द ही अपना वादा पूरा करेगी।
हालांकि गोविंद सिंह से पहले सिंधिया की करीबी माने जाने वाले इमरती देवी ने भी किसानों की कर्जमाफी का मामला उठाया था और कहा था कि अभी तक किसानों की मांगों को पूरा नहीं किया जा सका है। गौरतलब है कि पिछले साल राज्य में हुए विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने कहा था कि राज्य के किसानों का कर्ज सरकार बनने के दस दिन भीतर माफ हो जाएगा और राज्य के किसानों ने कांग्रेस के पक्ष में वोट दिया था। लेकिन राज्य के किसानों का अभी तक कर्ज माफ नहीं हो सका है।
MyNation Hindi पर पाएं आज की ताजा खबरें (Aaj Ki Taza Khabar)। यहां आपको राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, ब्रेकिंग न्यूज़ और देश-दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं की तुरंत और भरोसेमंद जानकारी मिलती है। राजनीति, अर्थव्यवस्था, खेल, मनोरंजन और टेक सहित हर बड़ी खबर पर रहें अपडेट—तेज, सटीक और आसान भाषा में।