ममता का 'महागठबंधन' को संदेश, जहां जो मजबूत हो बाकी दल उसका साथ दें

Published : Jan 19, 2019, 04:07 PM IST
ममता का 'महागठबंधन' को संदेश, जहां जो मजबूत हो बाकी दल उसका साथ दें

सार

तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष और बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की अगुवाई में कोलकाता में यूनाइडेट इंडिया रैली हुई। इसका उद्देश्य विपक्षी एकता को एक मंच पर दिखाना था। आगामी लोकसभा चुनाव के बाद देश में बनने वाले समीकरणों के लिए खुद का प्रधानमंत्री के पद का दावेदार साबित करने में जुटी हैं। 

तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष और बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कोलकाता में महागठबंधन की रैली के जरिये विपक्षी एकता का संदेश दिया। साथ ही गठबंधन में साथ आए दलों से कहा कि अब भाजपा के अच्छे दिन नहीं आने चाहिए। इसके लिए जहां जो पार्टी मजबूत हो, वहां सभी दल उसका साथ दें। आगामी लोकसभा चुनाव के बाद देश में बनने वाले समीकरणों के लिए खुद का प्रधानमंत्री के पद का दावेदार साबित करने में जुटी हैं।

देखिए रैली में किसने क्या कहा -

टीएमसी सुप्रीमो ममता बनर्जी ने कहा, संयुक्त भारत का उदाहरण इस वक्त यहां मंच पर मौजूद है। मोदी सरकार की एक्सपायरी डेट आ गई है। हम देश के लिए एक नई सुबह लाने के लिए मिलकर काम करेंगे। मोदी सरकार ने देश की सभी संस्थाओं को बर्बाद कर दिया है। पीएम मोदी को लगता है कि केवल वही ईमानदार हैं। आपने अखिलेश को नहीं छोड़ा, मायावती को नहीं छोड़ा, लालू जी को नहीं छोड़ा और हमको भी नहीं छोड़ा। किसी को भी नहीं छोड़ा। अब ये सारे लोग मिलकर मोदी जी को नहीं छोड़ेंगे। अब हर आदमी नेता है और हम आदमी कार्यकर्ता है। अब भाजपा के लिए अच्छे दिन आने वाले नहीं है। चाहे जितनी अच्छी बात करले लेकिन भाजपा के अच्छे दिन नहीं आएंगे। जहां जो पार्टी मजबूत है वहां सभी दल उसका साथ दे। दंगा लगा दो, फसाद लगा दो यही उनका मुद्दा है। हम बंगाल में रथयात्रा के नाम दंगा फसाद नहीं करने देंगे।  हम रथयात्रा के नाम पर बंगाल में दंगा फसाद नहीं करने देंगे। बंगाल में भाजपा को जीरो मिलेगा।

राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बेटे और बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने मुझे आने में देर हुई क्योंकि मोदी जी और अमित शाह जी कृपा थी। अगर आप उनसे हाथ मिला लो तो आप राजा हरिश्चंद्र हैं, अगर आपने खिलाफ बोला तो फिर सीबीआई और ईडी आपके पीछे लग जाएंगे। अगर चौकीदार अपना काम सही से नहीं करेगा, चोरी करेगा तो थानेदार उसको सजा जरूर देगा। थानेदार देश की जनता है। हम लोग अलग-अलग दल हैं, अलग-अलग भाषा वाले हैं क्योंकि हमारी अनेकता में ही एकता है। विपक्ष की अनेकता ही उसकी शक्ति बनेगी। मोदी जी इस देश को टुकड़ों में बांटने का काम कर रहे हैं। इसलिए भाजपा भगाओ और देश बचाओ। 

'यूनाइटेड इंडिया रैली' में भाजपा के बागी शत्रुघ्न सिन्हा बोले, मुझे देश का मूड दिखाई दे रहा है। देश और बंगाल का एक ही मूड है- परिवर्तन, परिवर्तन, परिवर्तन। इससे ज्यादा जानदार, शानदार और दमदार रैली मैंने कभी नहीं देखा। मुझसे लोग सवाल करते हैं कि जब आप भाजपा में हैं तो पार्टी के खिलाफ क्यों बोलते हैं? क्या आप बागी हैं? तो मैं कहता हूं कि अगर सच कहना बगावत है तो हां मैं बागी हूं। मेरी जवाबदेही पहले जनता के लिए बनती है, इसलिए जो देश के हित में होता है जो जनता के हित में होता है वही मैं बोलता हूं। अटल जी के जमाने में लोकशाही थी और आज के समय में तानाशाही है। नोटबंदी के सदमें से जनता उबर भी नहीं पाई थी उसी बीच जीएसटी ला दिया। यह सरकार बिना सोचे बिना समझे रातोंरात तुगलकी फरमान जारी कर देती है। राफेल मुद्दे को लेकर शत्रुघ्न सिन्हा ने बीजेपी पर साधा निशाना, कहा- आखिर प्रधानमंत्री राफेल का ब्यौरा क्यों छिपा रहे हैं? आखिर 126 राफेल विमान की जगह पर 36 विमान क्यों खरीदे गए? आखिर राफेल विमान महंगे दामों में खरीदा क्यों गया? आखिर एचएएल की जगह पर किसी नई कंपनी जिसको बने 12 दिन ही हुए थे उसे अनुबंध क्यों दिया गया? जब तक प्रधानमंत्री इन तीन सवालों का जवाब नहीं देते हैं तब तक उनको सुनना पड़ेगा कि 'चौकीदार चोर है'।

'यूनाइटेड इंडिया रैली' में पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा ने कहा- हमें अपने मतभदों को भुलाकर एकजुट होना होगा।

कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने पढ़ा सोनिया गांधी का संदेश,  कहा, 'आने वाला आम चुनाव देश में लोकतंत्र स्थापित पुनर्स्थापित करने के विश्वास के साथ होगा।'

एनसीपी सुप्रीमो शरद पवार ने कहा, एकता का यह शो हमें उम्मीद दे रहा है। मैं ममता बनर्जी को बधाई देता हूं।

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने कहा, हमारा अभियान है, भारत बचाओ, लोकतंत्र बचाओ। सरकार सीबीआई का दुरुपयोग कर रही है। 

यूनाइटेड इंडिया रैली में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा- यह भारत की राजनीति में महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक दिन है। मोदी और शाह की जोड़ी ने देश का बेड़ा गर्क कर दिया, देश का कबाड़ा कर दिया। जो काम 70 सालों में पाकिस्तान नहीं कर पाया वह पांच साल में मोदी और शाह की जोड़ी ने कर दिया। अगर मोदी और शाह दोबारा सत्ता में लौट आए तो वे संविधान खत्म कर देंगे, चुनाव खत्म कर देंगे, लोकशाही खत्म कर देंगे। हिटलर की तरह तानाशाही ले आएंगे। 

यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री ने अखिलेश यादव ने कहा- मुझे पूरा भरोसा है कि जो बात बंगाल से चलेगी वो पूरे देश में दिखाई देगी। बीएसपी के साथ हमारे गठबंधन से देश में खुशी की लहर आ गई है, आज की इस रैली से देश की जनता में एक भरोसा उत्पन्न होगा। भाजपा के लोग हमें चिढ़ाते हुए कहते हैं कि इनके पास तो दूल्हे बहुत हैं, आखिर बनेगा कौन? मैं कहता हूं कि अगर हमारे पास दूल्हे बहुत हैं तो जिसे जनता चुनेगी वो बनेगा। पहले भी ऐसा ही हुआ है। भाजपा का 40 दलों के साथ गठबंधन है, चुनाव पास आते ही सीबीआई और ईडी से भी गठबंधन कर लिया है, लेकिन हमने भी जनता से गठबंधन कर लिया है। मोदी के नाम ने देश को निराश कर दिया है। हमारे गठबंधन के बाद से इनकी बेचैनियां बढ़ गई हैं। नए साल में देश में नया प्रधानमंत्री आ जाए तो बड़ी खुशी होगी। 

बसपा नेता सतीश चंद्र मिश्रा बोले, फैक्ट्रियां बंद हो गई हैं, किसान संकट में हैं, अल्पसंख्यक इस सरकार में सबसे ज्यादा डरे हैं, ऐसी सरकार को उखाड़ फेंकने की जरूरत है। अगर हम संविधान को बचाना चाहते हैं, तो हमें भाजपा सरकार से छुटकारा पाने की जरूरत है। 

कर्नाटक के मुख्यमंत्री एचडी कुमारास्वामी बोले, ये हमारा दुर्भाग्य है कि आज केंद्र में एक ऐसी सरकार है जिसका नेतृत्व ऐसे नेता करते हैं जिनका संविधान पर भरोसा नहीं है। हम इनके खिलाफ देशभर में मार्च करेंगे। यह रैली सिर्फ इसकी शुरूआत भर है। क्षेत्रीय दलों में लोगों के साथ जुड़ने और अपने राज्यों के हितों की रक्षा करने की मजबूत प्रवृत्ति है। नोटबंदी के द्वारा इस सरकार ने देश की अर्थव्यवस्था को बेहाल कर दिया है। यह सरकार अलोकतांत्रिक नेताओं द्वारा चलाई जा रही है। 

डीएमके नेता एमके स्टालिन ने कहा, मई में होने वाला आगामी आम चुनाव देश का दूसरा स्वतंत्रता संग्राम होगा। मोदी को हटाओ, भाजपा को भगाओ और देश को बचाओ। हमें भाजपा की विभाजनकारी नीतियों को हराना है। हम उनकी नीतियों से सहमत नहीं हैं। मोदी ने जनता से उनके खाते में 15 लाख देने का वादा किया था लेकिन अभी तक किसी के खाते में पैसे नहीं आए। मोदी सरकार में पेट्रोल-डीजल, सब्जी और रोजमर्रा के सामानों के दाम आसमान छू रहे हैं। 

नेशनल कांफ्रेंस के नेता फारूक अब्दुल्ला, कहा- आज देश खतरे में है। ये किसी को हटाने नहीं बल्कि देश को बचाने की बात है। देश में आज हर जगह लोगों को लड़ाया जा रहा है।

यूनाइटेड इंडिया रैली में शरद यादव, कहा- आज इतिहास का बहुत बड़ा मौका है। देश संकट में है, किसान तबाह है, नौजवान बर्बादी की कगार पर है। दुकानदारों का व्यापार जीएसटी के चलते बंद है। नोटबंदी की वजह से देश की अर्थव्यवस्था 12 साल पीछे चली गई। देश में डकैती हो गई है, किसान मजदूर बुरी तरह से परेशान हैं। एक भी ऐसी संस्था नहीं बची है, जिसे केंद्र में वर्तमान सरकार ने नष्ट नहीं किया है। 

कांग्रेस की ओर से रैली में पहुंचे अभिषेक मनुसिंघवी ने कहा, आज यहां 22 पार्टियों का इंद्रधनुष दिखाई दे रहा है। आप इसे महागठबंधन या कुछ और नाम दे दीजिए। इसके लिए मैं ममता बनर्जी को इसके लिए बधाई देता हूं। जब अमित शाह ने  यूपी में सैंकड़ों रैलियां की तब किसी ने आवाज नहीं उठाई, लेकिन तेजस्वी ने बिहार में एक रैली की तो उनके खिलाफ इनकम टैक्स की जांच लग गई। ऐसा देश में पहली बार हो रहा है कि आपको देशहित में आवाज उठाने के लिए देशद्रोही करार दे दिया जाता है। एक नया भारत बनाएंगे, भाजपा को भगाएंगे। जनता की यही पुकार, अब नहीं चाहिए मोदी सरकार।

12. 40 बजेः टीएमसी की रैली में कार्यकर्ताओं का हुजूम उमड़ा है। 

राफेल मुद्दे को लेकर अरुण शौरी ने भाजपा सरकार को घेरा। शौरी ने कहा- इस सरकार ने रक्षा के क्षेत्र में जैसा घोटाला किया है वैसा आजतक किसी सरकार में नहीं हुआ। मोदी को भी इस बात का एहसास हो चुका है कि उनकी जड़ें हिल चुकी हैं, इसलिए अब वे किसी भी हद तक जा सकते हैं। किसी और सरकार ने पहले इतने झूठ नहीं बोले। इससे पहले कभी भी इस तरह से संस्थानों को खत्म करने की कोशिश नहीं की गई। शौरी ने कहा, मोदी और शाह से लोगों का भरोसा उतर गया है लेकिन हमें यह तय करना होगा कि हम सभी साथ रहें और हर प्रदेश में इस तरह की रैली हो जैसी ममता जी ने यहां आयोजित की है। भाजपा को रोकने के लिए हमें अर्जुन की तरह सिर्फ एक ही लक्ष्य रखना होगा और वह यह कि भाजपा को किसी भी हालत में हटाना है। 

यूनाइटेड इंडिया रैली में बोले भाजपा के पूर्व नेता यशवंत सिन्हा ने पीएम मोदी पर हमला करते हुए कहा- लोग कहेंगे कि हम यहां एक आदमी को हटाने के लिए जमा हुए हैं, लेकिन हम यहां एक सोच, एक विचारधारा के विरोध में एकत्रित हुए हैं। हमारे लिए मोदी मुद्दा नहीं है, हमारे लिए देश के लोगों के मुद्दे ही मुद्दा हैं। पिछले 56 महीनों में देश में जो कुछ भी हुआ वह देश की लोकशाही के लिए खतरा है। ऐसी कोई संवैधानिक संस्था नहीं है जिसे इन्होंने बर्बाद करने की कोशिश नहीं की हो। 

रालोद के नेता जयंत चौधरी ने यूनाइटेड इंडिया रैली में कहा- अच्छे दिन लाना है तो मोदी जी को भगाना है। बंगाल जो आज सोचता है, भारत कल सोचता है। ममता दीदी ने आज इसे फिर साबित कर दिखाया है। हम साथ खड़े होंगे, मिलकर लड़ेंगे और भाजपा के शासन को उखाड़ फेकेंगे। 

हेमंत सोरेन बोले, ना सिर्फ केंद्र में बल्कि राज्यों में भी विपक्षी दलों को भाजपा से छुटकारा पाना होगा। भाजपा की सरकार में दलितों और आदिवासियों का शोषण हो रहा है। इसलिए क्षेत्रीय दलों को इन सांप्रदायिक ताकतों को जवाब देना पड़ेगा। 

गुजरात के विधायक जिग्नेश मेवाणी ने कहा, विपक्ष का एकजुट होना एक बहुत बड़ा संदेश है। देश का लोकतंत्र खतरे में हैं। किसान से लेकर नौजवान तक सभी लोग परेशान हैं। दलितों और मजदूरों का शोषण हो रहा है। इस सरकार के शासन में संविधान को खत्म करने की कोशिश हो रही है।

पाटीदार नेता हार्दिक पटेल बोले, देश को बचाने के लिए यहां पर विपक्ष एकजुट हुआ है। जैसे सुभाष बाबू देश के लिए 'गोरों' से लड़े थे वैसे ही हमें इन 'चोरों' से मिलकर लड़ना होगा।

11.50 बजेः यूनाइटेड इंडिया रैली में पहुंचे समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और डीएमके चीफ एमके स्टालिन।

11.25 बजेः रैली से पहले नेशनल कांफ्रेंस के फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि हम सही वक्त आने पर प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार को लेकर फैसला कर लेंगे। जो दल आज रैली में शामिल नहीं हो रहे हैं, वे भी इस मुहिम में हमारे साथ हैं।

10.55 बजेः यूनाइटेड इंडिया रैली के लिए रैली स्थल पर पहुंची पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी।

ममता बनर्जी की यूनाइटेड इंडिया रैली पर बोले केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा- 'ये सब थके हुए पिटे हुए पहलवान हैं जो अखाड़े में जाकर फिर अपनी किस्मत आजमाना चाहते हैं। कर्नाटक में हुए पहला गठबंधन ही इस हाल में है तो आगे का क्या होगा?' 

PREV

MyNation Hindi पर पाएं आज की ताजा खबरें (Aaj Ki Taza Khabar)। यहां आपको राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, ब्रेकिंग न्यूज़ और देश-दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं की तुरंत और भरोसेमंद जानकारी मिलती है। राजनीति, अर्थव्यवस्था, खेल, मनोरंजन और टेक सहित हर बड़ी खबर पर रहें अपडेट—तेज, सटीक और आसान भाषा में।

Recommended Stories

Surat News: केंडोर IVF सेंटर के 6 साल पूरे, निःसंतान दंपतियों के लिए विशेष रियायत
Surat News: जीएम ग्रुप ने अभिनेता प्रतीक गांधी को बनाया ब्रांड एंबेसडर, सूरत इंडस्ट्रियल पार्क को नई पहचान