लोकसभा चुनाव 2019: 11 अप्रैल से 19 मई तक पड़ेंगे वोट, 23 मई को मिलेगी नई सरकार

Published : Mar 10, 2019, 05:45 PM ISTUpdated : Mar 11, 2019, 03:31 PM IST
लोकसभा चुनाव 2019: 11 अप्रैल से 19 मई तक पड़ेंगे वोट, 23 मई को मिलेगी नई सरकार

सार

सात चरणों में होंगे चुनाव। 2019 के आम चुनाव में 90 करोड़ लोग अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इस बार देश भर में लगभग 10 लाख मतदान केंद्र बनाए जा रहे हैं। सभी ईवीएम को वीवीपैट से जोड़ा जाएगा। इस बार हर ईवीएम पर उम्मीदवार की तस्वीर भी लगी होगी।

चुनाव आयोग ने 2019 के लोकसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। देश भर में सात चरणों में 11 अप्रैल से 19 मई तक लोकसभा चुनाव होंगे। 23 को वोटों की गिनती के बाद 543 सीटों वाली 17वीं लोकसभा की स्थिति साफ होगी। चुनाव आयोग ने रविवार को नई दिल्ली में चुनाव की तारीखों का ऐलान किया। मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने बताया, इस बार 90 करोड़ लोग अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इस बार देश भर में लगभग 10 लाख मतदान केंद्र बनाए जा रहे हैं। सभी मतदान केंद्रों पर वीवीपैट से जोड़ा जाएगा। इस बार हर ईवीएम पर उम्मीदवार की तस्वीर भी लगी होगी। सभी ईवीएम की जीपीएस ट्रैकिंग भी की जाएगी। इसी के साथ आंध्र, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम और ओडिशा में विधानसभा चुनाव भी कराए जाएंगे। हालांकि सुरक्षा कारणों से जम्मू-कश्मीर में अभी चुनाव नहीं कराने का फैसला किया गया है। साथ ही विभिन्न राज्यों की 34 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव कराने का भी फैसला किया गया है।

पहला चरण: 11 अप्रैल (20 राज्यों की 91 सीटें)
दूसरा चरण:  18 अप्रैल (13 राज्यों की 97 सीटें)
तीसरा चरण: 23 अप्रैल (14 राज्यों की 115 सीटें)
चौथा चरण: 29 अप्रैल (09 राज्यों की 71 सीटें)
पांचवा चरण: छह मई (07 राज्यों की 51 सीटें)
छठा चरण: 12 मई (07 राज्यों की 59 सीटें)
सातवां चरण: 19 मई ( 08 राज्यों की 59 सीटें)

एक चरण में चुनाव वाले राज्य
आंध्र, अरुणाचल प्रदेश, गोवा, गुजरात, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, केरल, मेघालय, मिजोरम, नगालैंड, पंजाब, सिक्किम, तेलंगाना, तमिलनाडु, उत्तराखंड, अंडमान निकोबार, दादर नागर हवेली, दमन-दीव, लक्ष्यदीप, दिल्ली, पुड्डुचेरी, चंडीगढ़।

दो चरण में चुनाव वाले राज्य
कर्नाटक, मणिपुर, राजस्थान, त्रिपुरा

तीन चरण में चुनाव वाले राज्य
असम, छत्तीसगढ़

चार चरण में चुनाव वाले राज्य
झारखंड, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, ओडिशा

पांच चरण में चुनाव वाला राज्य
जम्मू-कश्मीर

सात चरण में चुनाव वाले राज्य
बिहार, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल

लोकसभा की सभी सीटों के चुनाव नतीजे 23 मई को आएंगे।

मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने अन्य चुनाव आयुक्तों की मौजूदगी में चुनाव कार्यक्रम का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि साल 2019 के आम चुनाव में 99.3% लोगों के पास मतदाता पहचान पत्र हैं। तारीखों के ऐलान के साथ ही आने वाले 72 दिनों के लिए देश भर में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। यानी सरकार अब कोई नीतिगत फैसला नहीं कर पाएगी। सीईसी अरोड़ा ने कहा, सभी संवेदनशील जगहों पर केंद्रीय बलों की तैनाती की जाएगी। निष्पक्ष चुनाव के लिए सभी जरूरी इंतजाम कराए गए हैं।

मौजूदा लोकसभा का कार्यकाल तीन जून को समाप्त हो रहा है। साल 2014 में देश में 9 चरणों में लोकसभा चुनाव कराए गए थे।  सात अप्रैल से 12 मई तक हुए चुनावों के बाद 16 मई को वोटों की गिनती हुई थी। पांच साल पहले हुए 16वीं लोकसभा के चुनाव में 'मोदी लहर' की बदौलत भाजपा को प्रचंड बहुमत मिला था। लोकसभा चुनाव में भाजपा ने 30 साल का रिकॉर्ड तोड़ 282 सीटों पर जीत दर्ज की थी। इस चुनाव में भाजपा गठबंधन ने कुल 336 सीटें जीती थीं। 1984 में कांग्रेस के बाद 2014 के लोकसभा चुनाव में भाजपा पहली ऐसी पार्टी बनी थी जिसने अपने दम पर सरकार बनाने लायक सीटें जीती थीं। 1984 में इंदिरा गांधी की हत्या के बाद हुए राजीव गांधी के नेतृत्व वाली कांग्रेस को इस कदर प्रचंड बहुमत मिला था। उस वक्त कांग्रेस ने अपने दम पर 404 सीटें जीती थीं। 2014 के चुनाव में भाजपा ने राजस्थान, गुजरात, उत्तराखंड, दिल्ली और हिमाचल प्रदेश में लोकसभा की पूरी की पूरी सीटें जीती थीं।

PREV

MyNation Hindi पर पाएं आज की ताजा खबरें (Aaj Ki Taza Khabar)। यहां आपको राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, ब्रेकिंग न्यूज़ और देश-दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं की तुरंत और भरोसेमंद जानकारी मिलती है। राजनीति, अर्थव्यवस्था, खेल, मनोरंजन और टेक सहित हर बड़ी खबर पर रहें अपडेट—तेज, सटीक और आसान भाषा में।

Recommended Stories

21BY72 Season 5: सूरत बना स्टार्टअप हब, निवेशकों और युवाओं का महाकुंभ
World Motorcycle Day: Ajay's Cafe और GMRA की अनोखी पहल, सुरक्षित राइडिंग का बड़ा संदेश