सांसद हरीश मीणा ने बीजेपी छोड़ थामा कांग्रेस का हाथ

Published : Nov 14, 2018, 02:09 PM IST
सांसद हरीश मीणा ने बीजेपी छोड़ थामा कांग्रेस का हाथ

सार

मीणा ने ऐसे समय भाजपा छोड़ी है जब राजस्थान विधानसभा चुनाव में कुछ दिन ही बचे हैं। कांग्रेस में शामिल होने के बाद सांसद हरीश मीणा ने कहा कि कांग्रेस उनका घर है और वह अपने घर में वापस आए हैं।

नई दिल्ली—राजस्थान के दौसा से भाजपा सांसद हरीश मीणा ने भाजपा छोड़ कांग्रेस का दामन थाम लिया। मीणा ने ऐसे समय भाजपा छोड़ी है जब राजस्थान विधानसभा चुनाव में कुछ दिन ही बचे हैं। कांग्रेस में शामिल होने के बाद सांसद हरीश मीणा ने कहा कि कांग्रेस उनका घर है और वह अपने घर में वापस आए हैं।

कांग्रेस के संगठन महासचिव अशोक गहलोत, पार्टी के प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सचिन पायलट की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने के बाद मीणा ने संवाददाताओं से कहा 'मैं बिना किसी शर्त के, कांग्रेस में शामिल हुआ हूं। कांग्रेस मेरा घर है और मैं अपने घर में वापस आया हूं।' 

यह पूछे जाने पर कि, क्या पार्टी ने उन्हें टिकट का आश्वासन दिया है, उन्होंने कहा, 'मैं बिना शर्त पार्टी में आया हूं।' 

इससे पहले, मीणा का कांग्रेस में स्वागत करते हुए गहलोत ने कहा, 'पूरे देश में कांग्रेस में शामिल होने के लिए लोगों की कतार लग गई। आज इसी क्रम में मीणा बिना किसी शर्त के, पार्टी में शामिल हुए हैं।' 
उन्होंने कहा कि मीणा के आने से राजस्थान में पार्टी मजबूत होगी।

इस मौके पर सचिन पायलट ने कहा कि मीणा का परिवार पुराना कांग्रेसी रहा है और उनके आने से पार्टी को ताकत मिलेगी। उन्होंने कहा, 'राजस्थान से वसुंधरा राजे सरकार की विदाई होने जा रही है। भाजपा कुछ भी कर ले, राजस्थान की जनता उसे सत्ता से हटाएगी।' 

गौरतलब है कि हरीश मीणा पूर्व आईपीएस अधिकारी हैं। संप्रग सरकार के दूसरे कार्यकाल में वित्त राज्य मंत्री रहे नमो नारायण मीणा हरीश मीणा के बड़े भाई हैं। अशोक गहलोत जब राजस्थान के मुख्यमंत्री थे उन दिनों हरीश मीणा राज्य के पुलिस महानिदेशक थे।

मीणा 2014 के लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा में शामिल हुए थे। उन्होंने 2014 में भाजपा के टिकट पर दौसा से लोकसभा चुनाव लड़ा था। इस चुनाव में हरीश मीणा ने अपने भाई नमो नारायण मीणा को हराया था।

PREV

MyNation Hindi पर पाएं आज की ताजा खबरें (Aaj Ki Taza Khabar)। यहां आपको राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, ब्रेकिंग न्यूज़ और देश-दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं की तुरंत और भरोसेमंद जानकारी मिलती है। राजनीति, अर्थव्यवस्था, खेल, मनोरंजन और टेक सहित हर बड़ी खबर पर रहें अपडेट—तेज, सटीक और आसान भाषा में।

Recommended Stories

CBSE 12th Board Result 2026: सूरत के GD Goenka International School के छात्रों का शानदार प्रदर्शन, 13वीं बार 100% रिजल्ट
Mother’s Day Celebration: सूरत व्हाइट लोटस इंटरनेशनल स्कूल के मातृत्व उत्सव में दिखा मां-बच्चों का अनोखा रिश्ता, भावुक प्रस्तुतियों ने जीता दिल