कांग्रेस नेता दिग्विजय का दावा, 'दोबारा पीएम नहीं बनेंगे मोदी, कांग्रेस के आएंगे अच्छे दिन'

Published : Mar 11, 2019, 06:11 PM IST
कांग्रेस नेता दिग्विजय का दावा, 'दोबारा पीएम नहीं बनेंगे मोदी, कांग्रेस के आएंगे अच्छे दिन'

सार

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने कहा, पिछले लोकसभा चुनावों के दौरान जनता से किए गए वादे पीएम मोदी ने पूरे नहीं किए हैं।

केंद्र की भाजपा सरकार पर मतदाताओं से वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने दावा किया है कि नरेंद्र मोदी दोबारा देश के प्रधानमंत्री नहीं बनने वाले हैं। दिग्विजय ने यहां कहा, 'पिछले लोकसभा चुनावों के दौरान जनता से किए गए वादे पूरे नहीं किए जाने के कारण मोदी की कलई खुल चुकी है। इसलिये निश्चित तौर पर वह दोबारा प्रधानमंत्री नहीं बनने वाले हैं।'

राज्यसभा के 72 वर्षीय सांसद ने यह दावा भी किया कि आगामी लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को अच्छे नतीजे मिलेंगे। दिग्विजय ने एक सवाल पर भाजपा के खिलाफ निशाना साधते हुए कहा, 'सेना और राष्ट्र की सुरक्षा को सियासी मुद्दा कभी नहीं बनाया जाना चाहिए। चुनाव आयोग ने भी इस बारे में बड़ा सख्त निर्देश दिया है।' दिग्विजय ने कुछ दिन पहले कहा था कि भारत सरकार को पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों पर भारतीय वायुसेना के हमले के सबूत विश्व समुदाय के सामने उसी तरह पेश करने चाहिए, जिस तरह अमेरिका ने आतंकी सरगना ओसामा-बिन-लादेन के खात्मे के अभियान के प्रमाण प्रस्तुत किए थे। 

लोकसभा चुनावों के मतदान की कुछ तारीखों के रमजान के महीने में पड़ने को लेकर चंद मुस्लिम नेताओं की आपत्ति पर उन्होंने कहा, 'त्योहार तो अपने समय पर ही आते हैं। लेकिन यह संवैधानिक आवश्यकता है कि 26 मई से पहले चुनावी नतीजे घोषित कर दिए जाएं। फिर भी मैं चुनाव आयोग से प्रार्थना करूंगा कि वह मतदान की तय तारीखों में भले ही कोई बदलाव न करे। लेकिन मतदान के समय में इस प्रकार परिवर्तन कर दे जिससे उन्हें (मुस्लिम समुदाय के लोगों को) मतदान में सहूलियत हो।'

सोशल मीडिया पर इस बयान को लेकर जारी ट्रोलिंग के बारे में पूछे जाने पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने कहा, 'मुझे आखिर कब ट्रोल नहीं किया जाता? मैं उन सब लोगों का आभारी हूं जो मुझे ट्रोल करते हैं।' आगामी लोकसभा चुनावों के साथ जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव नहीं कराए जाने के बारे में पूछे जाने पर राज्यसभा सदस्य ने कहा, 'मैं इस विषय में कुछ भी नहीं कहूंगा। चुनाव आयोग इस विषय में निर्णय लेने को स्वतंत्र है।'

कांग्रेस महासचिव और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रभारी ज्योतिरादित्य सिंधिया की पत्नी प्रियदर्शिनी राजे के आगामी लोकसभा चुनाव लड़ने की अटकलों को लेकर पूछे गए सवाल पर दिग्विजय ने कहा, 'इसका उत्तर ज्योतिरादित्य सिंधिया ही दे सकते हैं। मैं इस बारे में कुछ नहीं कह सकता।'

PREV

MyNation Hindi पर पाएं आज की ताजा खबरें (Aaj Ki Taza Khabar)। यहां आपको राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, ब्रेकिंग न्यूज़ और देश-दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं की तुरंत और भरोसेमंद जानकारी मिलती है। राजनीति, अर्थव्यवस्था, खेल, मनोरंजन और टेक सहित हर बड़ी खबर पर रहें अपडेट—तेज, सटीक और आसान भाषा में।

Recommended Stories

Surat News: केंडोर IVF सेंटर के 6 साल पूरे, निःसंतान दंपतियों के लिए विशेष रियायत
Surat News: जीएम ग्रुप ने अभिनेता प्रतीक गांधी को बनाया ब्रांड एंबेसडर, सूरत इंडस्ट्रियल पार्क को नई पहचान