
केन्द्र में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बन जाने के बाद केन्द्रीय नेतृत्व से अपनी नाराजगी जता चुके केन्द्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के बाद क्या महाराष्ट्र के दिग्गज नेता नितिन गडकरी भी पार्टी नेतृत्व से नाराज चल रहे हैं। फिलहाल इसके संकेत महाराष्ट्र भाजपा की कार्यकारिणी की बैठक में देखने को मिला है। गडकरी ने इस बैठक से पूरी तरह से दूरी बनाकर रखी है। जबकि महाराष्ट्र में होने वाले चुनाव के मद्देनजर ये अहम बैठक थी।
आज महाराष्ट्र भाजपा की कार्यकारिणी की बैठक थी। लेकिन इसमें केन्द्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी और पंकजा मुंडे पंकजा मुंडे नदारद रही। भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल समेत सभी दिग्गज नेताओं ने बैठक में शिरकत की।
राज्य में इसी साल विधानसभा के चुनाव होने वाले हैं और इस लिहाज से ये बैठक काफी अहम थी। लेकिन इस बैठक से गडकरी का गायब होना कई सवाल छोड़ता है। क्योंकि दो दिन पहले ही अमित शाह को एयर इंडिया के पुर्नउत्थान के लिए बनाई गयी कमेटी का प्रमुख बनाया गया है जबकि इस कमेटी से गडकरी को बाहर कर दिया गया है।
लिहाजा माना जा रहा है कि इस मामले में गडकरी केन्द्रीय नेतृत्व से इस प्रकरण को लेकर नाराज चल रहे हैं। हालांकि इन नेताओं के बैठक से गायब रहने को लेकर अलग अलग तर्क दिए जा रहे हैं। लेकिन गडकरी को कमेटी से बाहर निकालने को लेकर पार्टी के कुछ नेताओं में नाराजगी है।
गौरतलब है कि केन्द्र में सरकार बनने के बाद राजनाथ सिंह को कई कमेटियों से हटा दिया था। जिसके बाद उन्होंने अपनी नाराजगी राष्ट्रीय नेतृत्व को जता दी थी। इसके बाद राजनाथ सिंह को पांच कमेटियों में शामिल किया गया था।
फिलहाल गडकरी के बारे में कहा जा रहा है कि उनकी अहम बैठक थी। जिसके कारण वह इस बैठक में शामिल नहीं हो सके। गडकरी राज्य के दिग्गज नेताओं में माने जाते हैं और वह पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी रह चुके हैं।
आज की कार्यकारिणी की बैठक में नितिन गडकरी को संबोधित भी करना था। इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर राज्य कार्यकारिणी की ये अहम बैठक थी। इस बैठक में चुनाव के लिए रणनीति बनाई गयी।
MyNation Hindi पर पाएं आज की ताजा खबरें (Aaj Ki Taza Khabar)। यहां आपको राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, ब्रेकिंग न्यूज़ और देश-दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं की तुरंत और भरोसेमंद जानकारी मिलती है। राजनीति, अर्थव्यवस्था, खेल, मनोरंजन और टेक सहित हर बड़ी खबर पर रहें अपडेट—तेज, सटीक और आसान भाषा में।