2018 के सबसे निचले स्तर पर पहुंचा पेट्रोल, डीजल भी सस्ता

Published : Dec 30, 2018, 02:14 PM IST
2018 के सबसे निचले स्तर पर पहुंचा पेट्रोल, डीजल भी सस्ता

सार

दिल्ली में पेट्रोल 69.04 रुपये प्रति लीटर जबकि डीजल 63.09 रुपये प्रति लीटर पर आ गया है। पेट्रोल की कीमतों में 18 अक्टूबर से लगातार गिरावट जारी है। 

एक लीटर पेट्रोल की कीमत 2018 में सबसे निचले स्तर पर पहुंच गई हैं। वहीं डीजल भी 23 पैसे कम होकर नौ महीने के निम्नतम स्तर पर आ गया है। 
पेट्रोलियम कंपनियों ने रविवार को पेट्रोल के दाम में 22 पैसे और डीजल की कीमत में 23 पैसे की कटौती की।  इस कटौती से दिल्ली में पेट्रोल 69.26 रुपये से घटकर 69.04 रुपये प्रति लीटर जबकि डीजल 63.32 रुपये से 63.09 रुपये प्रति लीटर पर आ गया है। 

सिर्फ एक दिन को छोड़कर पेट्रोल की कीमतों में 18 अक्टूबर से लगातार गिरावट जारी है और अब यह 2018 के सबसे निम्न स्तर पर आ गया है। डीजल मार्च के बाद निम्नतम स्तर पर है। पेट्रोल 18 अक्टूबर से लेकर अब तक 13.79 रुपये सस्ता हुआ जबकि इन ढाई महीनों में डीजल 12.06 रुपये गिरा है। 

चार अक्टूबर को पेट्रोल दिल्ली में 84 रुपये प्रति लीटर और मुंबई में 91.34 रुपये प्रति लीटर के सर्वाधिक उच्च स्तर पर पहुंच गया था। इस दौरान, दिल्ली में डीजल 75.45 रुपये लीटर और मुंबई में 80.10 रुपये लीटर के उच्चतम स्तर पर था। ईंधन के दाम 16 अगस्त से बढ़ना शुरू हुए थे। 16 अगस्त से चार अक्टूबर के बीच पेट्रोल 6.86 रुपये जबकि डीजल 6.73 रुपये बढ़ा। 

सरकार ने चार अक्टूबर को पेट्रोल और डीजल पर उत्पाद शुल्क में 1.50-1.50 रुपये की कटौती की थी और पेट्रोलियम का खुदरा काम करने वाली सरकारी कंपनियों को एक रुपये प्रति लीटर का बोझ वहन करने के लिए कहा था। 

इसके बाद पांच अक्टूबर को दिल्ली में पेट्रोल-डीजल में कीमतों में गिरावट आई। हालांकि, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी रहने से 17 अक्टूबर को दिल्ली में पेट्रोल 82.83 रुपये और डीजल 75.69 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच गया था। 

लेकिन इसके बाद कच्चे तेल के दाम गिरने और रुपये में सुधार से पेट्रोल-डीजल की खुदरा कीमतों में गिरावट रही। ढाई महीने के दौरान, पेट्रोल सिर्फ एक दिन (18 दिसंबर को) 10 पैसे बढ़ा जबकि डीजल 17 और 18 दिसंबर को क्रमश: नौ और सात पैसे बढ़ा।

उद्योग से जुड़े सूत्रों ने कहा कि अनुमान के मुताबिक, अगले कुछ दिनों में पेट्रोल और डीजल के खुदरा मूल्य में कुछ और गिरावट हो सकती है। जानकारों का अनुमान है कि पेट्रोल की कीमत 60 रुपये प्रति लीटर तक जा सकती हैं। 

PREV

MyNation Hindi पर पाएं आज की ताजा खबरें (Aaj Ki Taza Khabar)। यहां आपको राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, ब्रेकिंग न्यूज़ और देश-दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं की तुरंत और भरोसेमंद जानकारी मिलती है। राजनीति, अर्थव्यवस्था, खेल, मनोरंजन और टेक सहित हर बड़ी खबर पर रहें अपडेट—तेज, सटीक और आसान भाषा में।

Recommended Stories

21BY72 Season 5: सूरत बना स्टार्टअप हब, निवेशकों और युवाओं का महाकुंभ
World Motorcycle Day: Ajay's Cafe और GMRA की अनोखी पहल, सुरक्षित राइडिंग का बड़ा संदेश