
कांग्रेस महासचिव और उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने 2022 की रणनीति के तहत उत्तर प्रदेश में फोकस करना शुरू कर दिया है। आज प्रियंका सोनभद्र जिले में हुए सामूहिक नरसंहार के पीड़ित परिवारों से मिलने के लिए जाने वाली थी।
लेकिन प्रदेश की योगी सरकार के आदेश के बाद उन्हें मिर्जापुर में ही रोक दिया गया। जिसके बाद प्रियंका वहीं पर धरने पर बैठ गई। इसकी जानकारी मिलते ही विधानसभा में कांग्रेस और विपक्षी विधायकों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
आज सबसे पहले प्रियंका गांधी वाराणसी पहुंचीं, जहां उन्होंने बीएचयू के ट्रामा सेंटर में भर्ती इस नरसंहार में घायलों का हाल जाना। प्रियंका ने घायलों को हरसंभव मदद देने का वादा भी किया। इसके बाद प्रियंका पूरे लाव लश्कर के साथ सोनभद्र के लिए निकली।
लेकिन उन्हें मिर्जापुर में ही रोक लिया गया और जिले में 144 की धारा की जानकारी देते हुए आगे नहीं जाने दिया। इसके बाद प्रियंका राज्य सरकार के विरोध में मिर्जापुर की नरायनपुर पुलिस चौकी के सामने सड़क पर धरने पर बैठ गई हैं।
योगी सरकार पर लगाया प्रियंका गांधी
प्रियंका गांधी ने काफिला रोके जाने पर कहा कि वह सोनभद्र नरसंहार के पीड़ितों के परिवारों से मिलने जा रही हैं। उन्होंने बताया कि उन्होंने जिलाधिकारी से भी कहा वह 144 की धारा का पालन करेंगी और वहां उनके साथ महज 4 लोग ही जाएंगे। उसके बाद भी जिला प्रशासन उन्हें आगे नहीं जाने दे रहा है।
गौरतलब है कि बुधवार को सोनभद्र जिले के घोरावल कोतवाली क्षेत्र के उभ्भा गांव में भूमि विवाद को लेकर हुई गोलीबारी में कई लोगों की मौत हो गयी। हालांकि इसके बारे खुफिया एजेंसी से जिला प्रशासन को जो जानकारी मिली है कि नेताओं के इस इलाके में आने से माहौल खराब हो सकता है। लिहाजा किसी को भी वहां नहीं जाने दिया जा रहा है।
प्रियंका को लेकर यूपी विधानसभा में हंगामा
उत्तर प्रदेश विधान सभा का सत्र चल रहा है। हालांकि सत्र कल से शुरू हो गया है। लेकिन आज प्रियंका को सोनभद्र न जाने दिए जाने पर कांग्रेस और विपक्षी दलों ने जमकर हंगामा काटा। उनका कहना है कि योगी सरकार विपक्ष का गला घोंट रही है।
MyNation Hindi पर पाएं आज की ताजा खबरें (Aaj Ki Taza Khabar)। यहां आपको राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, ब्रेकिंग न्यूज़ और देश-दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं की तुरंत और भरोसेमंद जानकारी मिलती है। राजनीति, अर्थव्यवस्था, खेल, मनोरंजन और टेक सहित हर बड़ी खबर पर रहें अपडेट—तेज, सटीक और आसान भाषा में।