
कांग्रेस महासचिव और पूर्वी उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी की जिद उनकी सुरक्षा का जिम्मा संभाल रही स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप यानी एसपीजी के सामने नहीं चली। जिसके कारण अब प्रियंका गांधी वाड्रा को अपने रोड शो का कार्यक्रम रद्द करना पड़ रहा है। हालांकि इसके लिए उन्हें चुनाव आयोग ने अनुमति दे दी थी।
जानकारी के मुताबिक प्रियंका गांधी वाड्रा को अपने चुनाव प्रचार के कार्यक्रम के तहत हिमाचल प्रदेश के शिमला के ठियोग में रोड शो करना था। जबकि अभी तक प्रियंका उत्तर प्रदेश में ही चुनावी रैलियों में ज्यादा सक्रिय थीं। लेकिन पार्टी ने उनके प्रचार का कार्यक्रम हिमाचल प्रदेश के लिए भी तैयार किया था। ताकि राज्य में मतदाताओं को आकर्षित किया जा सके। इसी तहत उन्हें शिमला के ठियोग में चुनावी रोड शो का आयोजन करना था।
इसके लिए हालांकि चुनाव आयोग ने अनुमति दे दी थी। लेकिन एसपीजी ने उन्हें इसकी अनुमति नहीं दी। क्योंकि एसपीजी के तर्क थे कि ठियोग में रास्ता काफी संकरा है और आसपास बड़ी इमारतें हैं। लिहाजा सुरक्षा में किसी भी तरह की चूक हो सकती है। हालांकि प्रियंका यहां पर रोड शो कर उसके बाद रैली आयोजित करना चाहती थी। गौरतलब है कि प्रियंका गांधी वाड्रा को एसपीजी का सुरक्षा कवर मिला हुआ है।
कांग्रेस की स्टार प्रचारक प्रियंका गांधी वाड्रा को 14 मई की सुबह ठियोग पहुंचना है। लेकिन अब वह वहां पर महज रैली ही आयोजित करेंगी। जिसकी अनुमति उन्हें चुनाव आयोग ने दी है। हालांकि रैली से पहले प्रियंका का रोड शो आयोजित किया जाना था। एसपीजी का कहना था कि रोड शो वाला नेशनल हाईवे का रूट संकरा है और यहां पर काफी भीड़ भी रहती है।
MyNation Hindi पर पाएं आज की ताजा खबरें (Aaj Ki Taza Khabar)। यहां आपको राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, ब्रेकिंग न्यूज़ और देश-दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं की तुरंत और भरोसेमंद जानकारी मिलती है। राजनीति, अर्थव्यवस्था, खेल, मनोरंजन और टेक सहित हर बड़ी खबर पर रहें अपडेट—तेज, सटीक और आसान भाषा में।