कोई चीन में सेल्फी ले तो उसे फोन पर 'मेड इन धौलपुर' लिखा दिखेः राहुल

Published : Oct 10, 2018, 04:51 PM IST
कोई चीन में सेल्फी ले तो उसे फोन पर 'मेड इन धौलपुर' लिखा दिखेः राहुल

सार

राजस्थान के धौलपुर में एक रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, 'पीएम मोदी ने किसानों और गरीबों की जेब से 45 हजार करोड़ रुपये निकालकर अनिल अंबानी को दे दिए।'

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। राजस्थान के धौलपुर में एक रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, 'पीएम मोदी ने किसानों और गरीबों की जेब से 45 हजार करोड़ रुपये निकालकर अनिल अंबानी को दे दिए।'

राहुल ने कहा, 'मैंने पीएम की आंखों में देखकर सवाल किया लेकिन वह इधर-उधर देखते रहे। पूरे देश ने देखा कि वह देश के युवा से नजरें नहीं मिला सकते।' उन्होंने कहा, 'आप लोग सेल्फी लेते हैं लेकिन जब फोन पलटकर देखते हैं तो उस पर 'मेड इन चाइना' लिखा होता है। मैं चाहता हूं कि उस पर 'मेड इन धौलपुर', 'मेड इन राजस्थान', 'मेड इन जयपुर' लिखा हो।'

"

राहुल ने यह भी कहा, 'मैं चाहता हूं कि जब कोई चीन में सेल्फी ले तो वह देख सके कि फोन के पीछे मेड इन धौलपुर लिखा है। उसे हैरानी हो कि ये कहां है। इससे वो टूरिस्ट के रूप में यहां आएंगे। उनका पैसा आपकी जेब में आएगा और हम उन्हें फ्लाइट से वापस भेज देंगे।' 

प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों पर हमला करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को कहा कि नोटबंदी और गब्बर सिंह टैक्स (जीएसटी) ने देश की अर्थव्यवस्था को चौपट कर दिया है। राहुल ने कहा कि प्रधानमंत्री ने कहा था कि वह चौकीदार बनना चाहते हैं लेकिन उन्होंने यह कभी नहीं बताया कि वह किसके चौकीदार बनेंगे। उन्होंने किसानों की जगह देश के 15—20 अमीर उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाया।

राहुल गांधी ने धौलपुर के मनिया क्षेत्र में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस के नेतृत्व में संप्रग सरकार ने किसानों का 70 हजार करोड़ रुपये का कर्ज माफ किया था। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली वर्तमान सरकार ने 3.5 लाख करोड़ रुपये की कर्ज माफी दी है लेकिन किसानों का एक भी रुपया माफ नहीं किया।

उन्होंने कहा कि सरकार ने नोटबंदी और जीएसटी लागू कर देश की अर्थव्यवस्था को चौपट कर दिया। गांधी ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी ने राफेल सौदे में अपने दोस्त उद्योगपति को फायदा पहुंचाया और जब संसद में यह मामला उठाया गया तो उन्होंने एक शब्द नहीं बोला।

उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारें जनता, लघु उद्योगों, किसानों महिलाओं, युवाओं के विरोध में काम कर रही हैं। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि संप्रग सरकार ने गरीबों के लिए मनरेगा सहित जन कल्याण की कई योजनाओं और कार्यक्रमों को लागू किया था। राजस्थान में अशोक गहलोत सरकार ने नि:शुल्क दवाइयों की योजना लागू की थी, लेकिन भाजपा सरकारों ने इन सभी योजनाओं को कमजोर कर जन विरोधी काम किया है।

प्रधानमंत्री पर नीरव मोदी, मेहुल चोकसी, ललित मोदी, अनिल अंबानी सहित कई उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने का आरोप लगाते हुए राहुल ने कहा कि ‘मोदी ने युवाओं और किसानों की चिंता नहीं की।’
 

PREV

MyNation Hindi पर पाएं आज की ताजा खबरें (Aaj Ki Taza Khabar)। यहां आपको राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, ब्रेकिंग न्यूज़ और देश-दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं की तुरंत और भरोसेमंद जानकारी मिलती है। राजनीति, अर्थव्यवस्था, खेल, मनोरंजन और टेक सहित हर बड़ी खबर पर रहें अपडेट—तेज, सटीक और आसान भाषा में।

Recommended Stories

Vishwa Navkar Mahamantra Divas 2026: सूरत में JITO का भव्य महाजाप, अमित शाह की वर्चुअल उपस्थित के साथ 108 देशों की भागीदारी
World Health Day पर वेसु के GD Goenka स्कूल में Teen Skin Care पर जागरूकता सत्र, डॉ. जगदीश सखिया के अहम टिप्स