स्कूल की दीवार गिरने से 2 बच्चों की मौत के मामले में प्रधानाध्यापक गिरफ्तार

Published : Dec 18, 2018, 01:26 PM IST
स्कूल की दीवार गिरने से 2 बच्चों की मौत के मामले में प्रधानाध्यापक गिरफ्तार

सार

इस मामले में स्कूल मालिक अमित भाटी, सुमित भाटी, देशराज और स्कूल के प्रबंधक राघवेंद्र सोलंकी एवं प्रधानाध्यापक संजीव कुमार झा के खिलाफ गैर इरादतन हत्या सहित आईपीसी की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

नोएडा-- नोएडा के थाना सेक्टर 49 में एक स्कूल की दीवार गिरने से दो बच्चों की मौत के मामले में मंगलवार स्कूल के प्रधानाध्यापक को गिरफ्तार कर लिया गया। घटना सोमवार को सलारपुर गांव के खेमचंद मेमोरियल पब्लिक स्कूल में हुई। पुलिस ने बताया कि मामले में आरोपी चार लोग अब भी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। मामले की जांच नगर मजिस्ट्रेट शैलेंद्र मिश्रा को सौंपी गई है।

पुलिस उपाधीक्षक नगर तृतीय (सीओ) श्वेताभ पांडे ने बताया कि सलारपुर गांव स्थित खेमचंद (केएम) पब्लिक स्कूल की दीवार सोमवार सुबह गिरने से पांच बच्चे मलबे के नीचे दब गए, जिसमें दो बच्चों की मौत हो गई तथा तीन बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।

अधिकारी ने बताया कि मामले में स्कूल मालिक अमित भाटी, सुमित भाटी, देशराज और स्कूल के प्रबंधक राघवेंद्र सोलंकी एवं प्रधानाध्यापक संजीव कुमार झा के खिलाफ गैर इरादतन हत्या सहित आईपीसी की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

उन्होंने बताया कि मामले की जांच कर रही पुलिस ने मंगलवार को स्कूल के प्रधानाध्यापक संजीव कुमार झा को गिरफ्तार कर लिया है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। सीओ ने बताया कि केएम पब्लिक स्कूल के मालिक अमित भाटी समाजवादी पार्टी के नेता हैं।

स्कूल अवैध रूप से चलाया जा रहा था। जांच के दौरान यह पता चला कि स्कूल के पास ही देशराज के खाली पड़े प्लॉट में निर्माण कार्य चल रहा था, जहां जेसीबी से मिट्टी डाली जा रही थी और मिट्टी के दबाव के चलते स्कूल की दीवार गिर गई।

उन्होंने बताया कि बच्चे जब स्कूल के प्रांगण में धूप में बैठकर परीक्षा दे रहे थे तभी यह हादसा हुआ। घटना के विरोध में मारे गये छात्रों के परिजन ने सोमवार शाम मुआवजे की मांग को लेकर सलारपुर यू-टर्न के पास जाम लगाया।

मौके पर पहुंचे नगर मजिस्ट्रेट शैलेंद्र मिश्रा ने परिजन को समझा बुझाकर जाम खुलवाया और बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार ने मृतक छात्रों के परिजन को चार- चार लाख रुपए मुआवजे की घोषणा की है तथा घायल छात्रों का उपचार सरकार कराएगी।

 

 

PREV

MyNation Hindi पर पाएं आज की ताजा खबरें (Aaj Ki Taza Khabar)। यहां आपको राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, ब्रेकिंग न्यूज़ और देश-दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं की तुरंत और भरोसेमंद जानकारी मिलती है। राजनीति, अर्थव्यवस्था, खेल, मनोरंजन और टेक सहित हर बड़ी खबर पर रहें अपडेट—तेज, सटीक और आसान भाषा में।

Recommended Stories

CBSE 12th Board Result 2026: सूरत के GD Goenka International School के छात्रों का शानदार प्रदर्शन, 13वीं बार 100% रिजल्ट
Mother’s Day Celebration: सूरत व्हाइट लोटस इंटरनेशनल स्कूल के मातृत्व उत्सव में दिखा मां-बच्चों का अनोखा रिश्ता, भावुक प्रस्तुतियों ने जीता दिल