बंगाल में लोकसभा चुनाव के दौरान शुरू हुआ सियासी हिंसा का दौर जारी है। बंगाल के बांकुरा जिले के जयपुर थाना के आमलसोल इलाके में एक व्यक्ति का शव मिलने से तनाव फैल गया है। मृतक की पहचान सईदुल इस्लाम मिद्दा (32) के रूप में हुई है। वह कोतुलपुर थाना इलाके के चोरकाला गांव का रहने वाला बताया जाता है। राज्य की टीएमसी सरकार में मंत्री व स्थानीय विधायक ने मृतक को पार्टी समर्थक बताते हुए इस हत्या में भाजपा कार्यकर्ताओं का हाथ होने का आरोप लगाया है। वहीं भाजपा ने आरोपों से इनकार किया है। अब तक इस घटना में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
पुलिस का प्राथमिक जांच में हत्या की बात मानी है। मृतक के शरीर मे चोटों के कई निसान मिले हैं। मृतक सईदुल इस्लाम रामडीहा बाजार इलाके में एक पेस्टीसाइड की दुकान में काम करता था। सोमवार रात वह दुकान से घर नहीं लौटा। देर रात तक घर नहीं पहुचने पर परिवार वालों ने उसकी खोजबीन शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। मंगलवार सुबह सईदुल का लहूलुहान शव जयपुर थाना इलाके के आमलसोल के समीप पाया गया।
मृतक के परिजनों का आरोप है कि सईदुल की हत्या की गई है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिष्णुपुर जिला अस्पताल में भेज दिया है। इधर घटना की जानकारी मिलते ही राज्य के मंत्री व स्थानीय विधायक श्यामल सांतरा मृतक के घर पहुंचे। उन्होंने परिवार के लोगों से मिलने के बाद बताया कि मृतक सईदुल उनका पार्टी का कार्यकर्ता था। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि साजिश के तहत सईदुल इस्लाम की हत्या हुई है। इसमें भाजपा के कार्यकर्ताओं का हाथ है। पुलिस को निर्देश दिया गया है कि मामले की शीघ्र जांच कर घटना में लिप्त लोगों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करे।
"
वहीं बांकुरा के कोतुलपुर मंडल (दो) के भाजपा अध्यक्ष शैलेन मंडल का कहना कि इलाके में पार्टी का कोई संगठन नहीं है। इस इलाके में भाजपा का कोई जनाधार नहीं है। इस इलाके में बीते चुनाव में तृणमूल ने एकतरफा वोट करवाया था। भाजपा के विरुद्ध लगाया गया आरोप पूरी तरह बेबुनियाद है। उन्होंने टीएमसी पर इस घटना को राजनीतिक रंग देने का आरोप लगाया।
MyNation Hindi पर पाएं आज की ताजा खबरें (Aaj Ki Taza Khabar)। यहां आपको राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, ब्रेकिंग न्यूज़ और देश-दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं की तुरंत और भरोसेमंद जानकारी मिलती है। राजनीति, अर्थव्यवस्था, खेल, मनोरंजन और टेक सहित हर बड़ी खबर पर रहें अपडेट—तेज, सटीक और आसान भाषा में।