
प्रयागराज. जिले में शुक्रवार सुबह एक रेलवे कर्मचारी व बैंक मैनेजर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। रेलवे कर्मी की हत्या के मामले एक सीसीटीवी सामने आया है, जिसमें एक आरोपी भागते हुए नजर आ रहा है। वहीं, मैनेजर की हत्या घर से बैंक जाते समय अंजाम दी गई। पुलिस ने नाकेबंदी की है। हत्यारों की तलाश की जा रही है।
पहला मामला धूमनगंज थाना क्षेत्र के कालिंदीपुरम चौराहे समीप सूबेदारगंज रेलवे कॉलोनी की है। शुक्रवार सुबह करीब सात बजे रेलवे कर्मचारी प्रकाश (59 साल) घर के बाहर बैठा हुआ था। तभी अज्ञात बदमाश आए और गोली मारकर फरार हो गए। मौके पर ही प्रकाश की मौत हो गई।
मृतक प्रकाश की 30 वर्षीय बेटी मनीषा, 28 वर्षीय बेटी बबीता, 20 वर्षीय बेटी कविता उर्फ मोना और 22 साल का बेटा राहुल है। प्रकाश की पहली पत्नी का देहांत 2006 में हो गया था। उसके बाद उसने अनुराधा से 2009 में दूसरी शादी की थी। घर वालों ने किसी पर हत्या की आशंका नहीं जताई है। पुलिस ने घरवालों की तरफ से तहरीर लेकर अज्ञात पर मुकदमा दर्ज किया है।
उधर, मऊआइमा थाना क्षेत्र के बाका जलालपुर गांव स्थित इलाहाबाद बैंक के ब्रांच मैनेजर अनिल कुमार दोहरे शुक्रवार की सुबह घर से बैंक जाने के लिए कार से निकले। वे सिविल लाइंस क्षेत्र के कटरा में रहते थे। रास्ते में मऊआइमा थाना क्षेत्र में अज्ञात अपराधियों ने कार के पीछे ताबड़तोड़ फायरिंग करके भाग निकले। गोली से घायल बैंक मैनेजर किसी तरह कार चलाते हुए बैंक पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस घायल बैंक मैनेजर को तत्काल एसआरएन अस्पताल लेकर पहुंची। लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस अधीक्षक गंगापार नरेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि अपराधियों को पकड़ने का सघन प्रयास जारी है।
MyNation Hindi पर पाएं आज की ताजा खबरें (Aaj Ki Taza Khabar)। यहां आपको राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, ब्रेकिंग न्यूज़ और देश-दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं की तुरंत और भरोसेमंद जानकारी मिलती है। राजनीति, अर्थव्यवस्था, खेल, मनोरंजन और टेक सहित हर बड़ी खबर पर रहें अपडेट—तेज, सटीक और आसान भाषा में।