बेलगाम खाकी की बगावत ने यूपी के मुख्यमंत्री योगी की मुश्किलें बढ़ाई

Published : Oct 06, 2018, 04:32 PM IST
बेलगाम खाकी की बगावत ने यूपी के मुख्यमंत्री योगी की मुश्किलें बढ़ाई

सार

यूपी में पुलिसवालों की बगावत का दायरा बढ़ रहा है। कल तक विवेक तिवारी के हत्यारोपी सिपाही के समर्थन में सिपाहियों के विद्रोह की खबरें आ रही थीं। लेकिन अब तीन थाना प्रभारियों(एसएचओ) पर हुई कार्रवाई से पता चलता है, कि विद्रोह कहां तक पहुंच चुका है। इससे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। 

उत्तर प्रदेश में कानून और व्यवस्था पर गंभीर संकट मंडरा रहा है। क्योंकि थाना इंचार्ज(स्टेशन होल्डिंग ऑफिसर) जैसे जिम्मेदारी वाले अधिकारी बगावती तेवर में आते हुए दिख रहे हैं। 

गुडंबा के एसएचओ डी.के.शाही, अलीगंज के एसएचओ अजय कुमार यादव और नाका कोतवाली के एसएचओ परशुराम सिंह को काली पट्टी बांधकर विरोध करने के जुर्म में हटा दिया गया है। 
नाका के कांन्स्टेबल गौरव चौधरी, अलीगंज के कांन्स्टेबल जितेंद्र वर्मा और गुडंबा के कॉन्स्टेबल सुमित कुमार को सस्पेंड किया गया है। 

मीरजापुर और वाराणसी में दो बर्खास्त सिपाहियों को गिरफ्तार भी किया गया है।  खबर है कि कुछ महिला सिपाहियों को भ्रमित करते हुए वेतन वृद्धि के आंदोलन का झूठा बहाना करके काली पट्टी बंधवाकर फोटो खीचा गया था। लेकिन सच सामने आने पर इन महिला सिपाहियों ने माफी मांग ली है। 
  
लेकिन अमेठी के जामो थाने के इंस्पेक्टर के गजेन्द्र सिंह ने फेसबुक पर डिप्टी सीएम और कानून मंत्री को नसीहत दे डाली। जिसके बाद वहां के पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने उन्हें सस्पेंड कर दिया।  

कल तक डीजीपी ओमप्रकाश सिंह किसी तरह का असंतोष नहीं होने का दावा कर रहे थे। इसके बावजूद लखनऊ, सीतापुर, फैजाबाद और फिरोजाबाद में सिपाहियों ने शुक्रवार को काली पट्टी बांधकर विरोध जताया।जिससे नाराज होकर डीजीपी ने लखनऊ के एसएसपी कलानिधि नैथानी को तलब कर लिया। 

मुख्य सचिव और प्रमुख सचिव भी मामले के पल पल की जानकारी जुटाते हुए देखे गए। क्योंकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने डीजीपी,मुख्य सचिव और प्रमुख सचिव को बुलाकर मामले को संभालने के लिए चेतावनी जाहिर की है। 

एसएसपी लखनऊ कलानिधि नैथानी की भूमिका इस मामले में पहले भी सवालों के घेरे में आ चुकी है। विवेक तिवारी की हत्या के ठीक बाद जब कलानिधि नैथानी प्रेस कांफ्रेन्स करके आरोपी प्रशांत चौधरी को जेल भेज दिए जाने का ऐलान कर चुके थे। ठीक उसी समय वह खुलेआम मीडिया के सामने अपना बयान दर्ज करवा रहा था। 
 
पूरा मामला मुख्यमंत्री योगी और प्रशासनिक आलाधिकारियों के हाथ से फिसलता हुआ दिख रहा है। जमीनी स्तर पर काम कर रहे सिपाहियों के साथ साथ थाना इंचार्ज जैसे अहम अधिकारियों के बगावती तेवरों ने उनके हाथ पांव फुला दिया हैं। 
शुरुआत में तो मुख्यमंत्री ने मामले को संभालने की कोशिश में आनन फानन सामने आकर बयान दे दिया। लेकिन वह अपनी पुलिस को ही अन्याय का साथ नहीं देने के लिए समझा नहीं पा रहे हैं। 

यह मामला एक हाईप्रोफाइल मर्डर का है अन्यथा इसे दबा देने की पूरी तैयारी हो चुकी थी। खुद यूपी के कानून मंत्री पहली एफआईआर में हत्यारोपी का नाम नहीं दर्ज करने पर आपत्ति जता चुके हैं। 
 
मुख्यमंत्री योगी की यह मुश्किल उनकी खुद की पैदा की हुई है, जो कि उनके प्रशासनिक अनुभव में कच्चे होने का सबूत है। उन्होंने यूपी पुलिस को एनकाउंटर पुलिस में बदल दिया था। जिसके बाद बेलगाम खाकी की बेरहम बंदूक ने योगी को ही संकट में डाल दिया है। 

PREV

MyNation Hindi पर पाएं आज की ताजा खबरें (Aaj Ki Taza Khabar)। यहां आपको राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, ब्रेकिंग न्यूज़ और देश-दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं की तुरंत और भरोसेमंद जानकारी मिलती है। राजनीति, अर्थव्यवस्था, खेल, मनोरंजन और टेक सहित हर बड़ी खबर पर रहें अपडेट—तेज, सटीक और आसान भाषा में।

Recommended Stories

CBSE Result 2026: सूरत के व्हाइट लोटस इंटरनेशनल स्कूल का शानदार प्रदर्शन, 10वीं में 100% रिजल्ट और संस्कृत में 100/100 की विशेष उपलब्धि
CBSE Board 10th Result 2026: गौतम क्लासेस का कमाल, 100% रिजल्ट के साथ छात्रों में 20% तक सुधार