जापानी CEO ने कहा-दुनिया को भारतीय लीडरशिप की जरूरत, सुंदर पिचाई और सत्य नडेला को लेकर ये बड़ी बात

By Rajkumar UpadhyayaFirst Published May 13, 2024, 4:40 PM IST
Highlights

India News: भारत की विविधता में एकता का पूरी दुनिया लोहा मानती है। अब जापानी कंपनी टेक जापान (Tech Japan) के सीईओ नाओताका निशियामा (Naotaka Nishiyama) ने भी इस पर मुहर लगा दी है।

India News: भारत की विविधता में एकता का पूरी दुनिया लोहा मानती है। अब जापानी कंपनी टेक जापान (Tech Japan) के सीईओ नाओताका निशियामा (Naotaka Nishiyama) ने भी इस पर मुहर लगा दी है। वैसे तो वह भारत इसलिए आए थे, ताकि यहां की संस्कृति को समझ सकें। महीने भर में देश की विविधता देखी तो दंग रह गए। अपने लिंक्डइन प्रोफाइल पर भारत के बारे में पोस्ट करते हुए लिखा है कि दुनिया को भारत के रास्ते पर चलने वाले लीडरशिप की जरूरत है। सोशल मीडिया पर उनका यह पोस्ट खूब चर्चा बटोर रहा है। 

भारत की तरक्की देखकर सरप्राइज 

नाओताका निशियामा ने अपने पोस्ट में लिखा है कि दुनिया को भारतीय लीडरशिप की जरूरत है। भारत आए हुए एक महीना हुआ है। देश में मूल्यों की विविधता देखकर सरप्राइज हूॅं। विभिन्न धर्मों, नस्लों और मूल्यों वाले भारत की विविधता में एकता एक चमत्कार है। भारत एक देश के रूप में तरक्की कर रहा है। अभी चुनाव का समय है। यानी लीडरशिप चुनने का सही वक्त।

भारत के रास्ते पर चलने वाला लीडर दुनिया की जरूरत

उन्होंने आगे लिखा है कि भारत में अलग-अलग चीजों को अपने एक छोटे ढांचे में फिट करने के बजाय एक बड़ा ढांचा बनाने की कोशिश की जाती हैं। ताकि उसमें सभी चीजों को शामिल किया जा सके। जिसमें विविध मूल्य भी समाहित हो सकें। वर्तमान समय में दुनिया को ऐसे लीडरशिप की जरूरत है, जो भारत के रास्ते पर चलने वाला हो। मूल्यों और शक्ति संतुलन के विविध मिश्रण को निश्चित रूप से भारत ही आगे बढ़ा सकता है। इसकी वजह भी है, क्योंकि भारत घरेलू मोर्चों पर पहले से ही ऐसी चीजों का अनुभव कर चुका है।

सत्य नडेला-सुंदर पिचाई सबसे बड़े एग्जाम्पल 

नाओताका निशियामा (Naotaka Nishiyama) ने गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई और माइक्रोसॉफ्ट सीईओ सत्य नडेला का उदाहरण भी दिया। उन्होंने कहा कि भारत ने हमेशा अपनी लीडरशिप साबित की है। भले ही नडेला और पिचाई भारत में जन्मे, पढ़ाई की, पर खुद को अमेरिका में साबित कर दिया, क्योंकि भारत में प्रतिस्पर्धा और सहयोग दोनों को बढ़ावा मिलता है, जो किसी भी कंपनी को आगे बढ़ाने के लिए अहम चीजें होती हैं। वह भी भारतीय लीडरशिप से यह चीजें सीखकर अपनी कंपनी के प्रबंधन में लागू करेंगे।

ये भी पढें-ये हैं भारत की सबसे बुजुर्ग महिला अरबपति-91 वर्ष की उम्र में फोर्ब्स की सूची में आया नाम...

click me!