पाकिस्तान का नया प्रोपेगैंडा: भारतीय पनडुब्बी के जलक्षेत्र में घुसने की कोशिश नाकाम की

By Team MyNationFirst Published Mar 5, 2019, 3:51 PM IST
Highlights

- पाकिस्तानी सेना के प्रवक्ता ने दावा किया, ‘शांति की नीति के मद्दनेजर भारतीय पनडुब्बी को निशाना नहीं बनाया गया।’

कराची। पुलवामा हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच लगतार बढ़ते तनाव के बीच पाकिस्तान ने एक नया शिगूफा छोड़ा है। पाकिस्तानी नौसेना ने दावा किया है कि मंगलवार को उसने अपने जलक्षेत्र में घुसने की एक भारतीय पनडुब्बी की कोशिश को नाकाम कर दिया। अपने प्रोपेगैंडा को हवा देने के लिए पाकिस्तान ने मीडिया के साथ एक फुटेज भी साझा की है, जिसे उसने ‘असली’ बताया है। चित्र में दावा किया गया है कि फुटेज चार मार्च को रात आठ बजकर 35 मिनट पर ली गई। हालांकि पाकिस्तान की ओर से जो तस्वीर जारी की गई है, वह नवंबर 2016 की बताई जा रही है। 

भारतीय नौसेना ने भी पाकिस्तान के इस दावे को खारिज करते हुए इसे पाकिस्तान का ‘दुष्प्रचार’करार दिया है। भारतीय नौसेना ने कहा, ‘हमने पाकिस्तान को दुष्प्रचार करते और झूठी सूचना फैलाते देखा है। भारतीय नौसेना इस तरह के दुष्प्रचार को संज्ञान में नहीं लेगी। हमारी तैनाती अडिग है।’ नौसेना के एक संक्षिप्त बयान में कहा गया है कि भारतीय नौसेना राष्ट्र के समुद्री हितों की हिफाजत की जरूरत के मुताबिक तैनात रहेगी। 

पाकिस्तान के प्रोपेगैंडा वाली तस्वीर

दरअसल, पाकिस्तानी सेना के प्रवक्ता ने दावा किया था कि, ‘पाकिस्तानी नौसेना ने पनडुब्बी को पीछे हटाने के लिए खास स्किल का प्रयोग किया और उसे पाकिस्तानी जलक्षेत्र में घुसने से रोक दिया।’ प्रवक्ता ने कहा, ‘पाकिस्तान की शांति की नीति के मद्दनेजर भारतीय पनडुब्बी को निशाना नहीं बनाया गया।’ उन्होंने कहा कि भारत को इस घटना से सीख लेनी चाहिए और ‘शांति की ओर आगे बढ़ना चाहिए।’ 

उसका दावा है, ‘पाकिस्तानी नौसेना अपने जलक्षेत्र की रक्षा करने के लिए सदैव तत्पर है और किसी भी प्रकार की आक्रामकता का पूरी ताकत के साथ जवाब देने में सक्षम है।’पाकिस्तान नौसेना ने दावा किया कि यह नवंबर 2016 के बाद से दूसरा ऐसा मामला है जब उसने भारतीय नौसेना को पाकिस्तान के जलक्षेत्र में प्रवेश की कोशिश करते पकड़ा है।

रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि इससे पहले 2016 में पाकिस्तान ने भारतीय पनडुब्बी को देश के जलक्षेत्र में प्रवेश करने से सफलतापूर्वक रोका था। जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में 14 फरवरी को हुए जैश-ए-मोहम्मद के आतंकवादी हमले में भारत के 40 जवान शहीद हो गए थे। इसके बाद भारतीय वायुसेना ने 26 फरवरी को पाकिस्तान के भीतर बालाकोट में जैश के शिविर को निशाना बनाया था। इसके अगले दिन पाकिस्तान और भारत के बीच हवाई संघर्ष में मिग 21 गिर गया था और उसके पायलट विंग कमांडर अभिनंदन वर्तमान को पाकिस्तान ने हिरासत में ले लिया था। उन्हें शुक्रवार को भारत को सौंपा गया था।


 

click me!