नई दिल्ली: पेरिस पैरालंपिक 2024 में भारत ने मंगलवार की रात के बाद कुल 20 मेडल जीतकर इतिहास रच दिया। भारतीय दल ने सोमवार को 8 पदक और मंगलवार को 5 पदक जीता। अब भारतीय प्‍लेयर्स का दल टोक्यो 2020 में जीते गए 19 पदकों की संख्या को पार कर गया है, जबक‍ि खेलों के अभी 5 दिन बाकी हैं।

आधे घंटे के अंतराल में 4 पदक 

अब यह तय हो गया है कि पेरिस पैरालंपिक 2024 भारत के इतिहास का अब तक का सबसे सफल अभियान बनेगा। देखा जाए तो विशेष रूप से पैरा एथलेटिक्स टीम ने इस बार जबरदस्त प्रदर्शन किया, मंगलवार को आधी रात के बाद मात्र आधे घंटे के अंतराल में 4 पदक झटक लिए।

टोक्यो 2020 से बेहतर प्रदर्शन

टोक्यो 2020 में भारत ने 19 पदक जीते थे, जिसमें से 8 पदक एथलेटिक्स, 5 शूटिंग, 4 बैडमिंटन और 1-1 टेबल टेनिस एवं तीरंदाजी से थे। इस बार, भारत की पदक तालिका ने टोक्यो के एथलेटिक्स पदकों (8) को पीछे छोड़ दिया है और मंगलवार तक 10 एथलेटिक्स पदक जीत चुके थे। बैडमिंटन में भी भारत ने बेहतरीीन प्रदर्शन किया, हालांकि शुरुआती उम्मीदों से थोड़ा कम रहते हुए 5 पदक हासिल किए। भारतीय प्लेयर शूटिंग में अब तक 4 पदक जीते चुके हैं और अभी भी कई प्रतियोगिताएं बाकी हैं। 

इन खिलाड़ियों ने मंगलवार को जीते 5 मेडल

दीप्ति जीवनजी-वुमेंस 400 मीटर टी20 में कांस्य

दीप्ति जीवनजी ने महिलाओं की 400 मीटर टी20 स्पर्धा में कांस्य पदक जीता। 20 साल की दीप्ति विश्व चैंपियन और विश्व रिकॉर्ड धारक के रूप में पेरिस आई थीं, लेकिन तुर्की की आयसेल ओन्डर ने फाइनल में दीप्ति के वर्ल्ड रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। हालांकि, दीप्ति ने अंतिम समय में बेहतरीन दौड़ लगाकर कांस्य पदक जीत लिया।

मरियप्पन थंगावेलु-कांस्य 

मरियप्पन थंगावेलु, जो रियो 2016 में स्वर्ण और टोक्यो 2020 में रजत पदक जीत चुके हैं, उन्‍होंने इस बार कांस्य पदक अपने नाम किया। हाई जंप प्रतियोगिता में 1.85 मीटर की ऊंचाई तक प्रदर्शन किया, लेकिन 1.88 मीटर की ऊंचाई पर तीन बार असफल रहे। हालांकि, यह उनका तीसरा पैरालंपिक पदक है, जिससे वह तीन बार के पैरालंपिक पदक विजेताओं के क्लब में शामिल हो गए हैं।

शरद कुमार-रजत पदक 

शरद कुमार ने 1.88 मीटर की जंप लगाकर पुरुषों की हाई जंप टी63 में रजत पदक जीता। शुरुआत में उन्होंने कुछ परेशानियां झेली, लेकिन अंत में अपना प्रदर्शन सुधारा और इस स्पर्धा में दूसरा स्थान हासिल किया।

सुंदर सिंह गुर्जर-पुरुष भाला फेंक F46 में कांस्य

सुंदर सिंह गुर्जर ने पुरुषों की भाला फेंक स्पर्धा में कांस्य पदक जीता। उन्होंने 64.96 मीटर तक भाला थ्रो किया और तीसरे स्थान पर रहे। यह उनका लगातार दूसरा पैरालंपिक कांस्य पदक है।

अजीत सिंह-रजत पदक

अजीत सिंह ने इंडिविजुअल बेस्‍ट परफॉर्मेंस के साथ 65.62 मीटर की दूरी पर भाला थ्रो कर रजत पदक जीता। उन्होंने अपने साथी सुंदर सिंह को पीछे छोड़ते हुए दूसरा स्थान हासिल किया।

ये भी पढें-क्या भारत की GDP का ग्रोथ रेट तोड़ेगा सारे रिकॉर्ड? FY2024-25 में मिली बड़ी छलांग, वर्ल्ड बैंक का है...