PM Modi Speech on Independence Day: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार 15 अगस्त 2024 को लगातार 11वीं बार देश को संबोधित करेंगे। जवाहरलाल नेहरू और इंदिरा गांधी के बाद ऐसा करने वाले वह देश के तीसरे पीएम बन जाएंगे। पिछले कुछ वर्षों में स्वतंत्रता दिवस पर दिए गए भाषणों में जनधन योजना से लेकर विकसित भारत के मुद्दे पर बोलें। इस साल भारत की प्रगति, भविष्य के लक्ष्यों और भ्रष्टाचार मुक्त शासन पर जोर दिए जाने की संभावना है। आइए जानते हैं पिछले 10 स्वतंत्रता दिवस पर पीएम मोदी के भाषणों की मुख्य बातें।

2014: छाया रहा 'प्रधान सेवक' और 'स्वच्छ भारत मिशन' मुद्दा

स्वतंत्रता दिवस 2014 को प्रधानमंत्री मोदी ने अपने पहले भाषण में स्वच्छ भारत अभियान की शुरुआत की घोषणा की, मेक इन इंडिया अभियान की बात की, खुद को 'प्रधान सेवक' कहा। भाषण में "प्रधानमंत्री जन-धन योजना" भी शामिल थी। लड़कियों के लिए अलग शौचालय बनाने पर जोर दिया, ताकि उन्हें स्कूल छोड़ने जैसा कदम न उठाना पड़े।

2015: जन धन योजना और 'स्वच्छ भारत मिशन' की सफलता

जन धन योजना और स्वच्छ भारत मिशन की सफलता पर बोले। उन्होंने कहा कि गरीबों को वित्तीय प्रणाली से जोड़ने के लिए बैंक खाते आवश्यक हैं, जन धन योजना के तहत 7 करोड़ लोगों ने खाते खोले। डिजिटल इंडिया पर बात की।

2016: गिलगित और पीओके के लोगों को बोला थैंक्यू

पीएम नरेंद्र मोदी ने 2016 के इंडिपेंडेस डे पर पाकिस्तान पर आतंकवाद को सपोर्ट करने का आरोप लगाते हुए कहा कि गरीबी से लड़कर हम समृद्ध हो सकते हैं। बलूचिस्तान, गिलगित, और पाक अधिकृत कश्मीर के लोगों को समर्थन के लिए थैंक्यू बोला था।

2017: बेनामी संपत्ति

पीएम मोदी ने 2017 में कहा था कि हालिया बेनामी संपत्ति से जुड़ा कानून पारित होने के बाद कम समय में 800 करोड़ रुपये की बेनामी संपत्ति जब्त की गई है। ऐसी चीजों पर आम आदमी को लगता है कि देश ईमानदार लोगों के लिए है। लोक से तंत्र चलेगा।

2018: जीएसटी और आयुष्मान भारत योजना

2018 में प्रधानमंत्री मोदी ने जीएसटी के शुरुआत की सराहना की। प्रधानमंत्री जन आरोग्य अभियान के शुभारंभ की तारीख का ऐलान किया, जो हर वर्ष गरीब और निम्न आय वर्ग के परिवारों को 5 लाख रुपये तक की स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान करती है।

2019: जनसंख्या विस्फोट 

पीएम मोदी ने 2019 में जनसंख्या विस्फोट का जिक्र करते हुए कहा कि हमें इस बारे में अधिक चर्चा और जागरुकता की जरूरत है। अनुच्छेद 370 और 35ए को हटाए जाने की वकालत करते हुए कहा कि यह सरदार पटेल के सपने को साकार करने की दिशा में एक कदम है। 

2020: कोरोना वॉरियर्स की तारीफ और आत्मनिर्भर भारत 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 74वें स्वतंत्रता दिवस समारोह को संबोधित करते हुए नेशनल हेल्थ डिजिटल हेल्थ मिशन की घोषणा की। आत्मनिर्भर भारत अभियान पर जोर दिया और कोविड महामारी के दौरान असाधारण सेवा करने वाले कोरोना वॉरियर्स की तारीफ की।

2021: कोविड वैक्सीनेशन और मिशन गति शक्ति

पीएम मोदी ने 2021 में कहा कि भारत में दुनिया का सबसे बड़ा वैक्सीनेशन कार्यक्रम जारी है।  54 करोड़ से ज़्यादा लोगों को वैक्सीन लगी। भारत को किसी अन्य देश पर डिपेंड नहीं होना पड़ा। गति शक्ति मिशन पर बात की। कहा कि यह देश का नेशनल इंफ्रास्ट्रक्चर मास्टरप्लान होगा जो होलिस्टिक इंफ्रास्ट्रक्चर की बुनियाद की तरह काम करेगा।

2022: पंच प्रण और विकसित भारत 

2022 में पीएम मोदी ने देश को अगले 25 वर्षों के लिए पंच प्रण यानी पांच प्रणों का लक्ष्य दिया, जो विकसित भारत, गुलामी के विचार से मुक्ति, विरासत पर गर्व, एकता और कर्तव्य के प्रति समर्पण और नागरिकों के ​कर्तव्य पर आधारित थे। उन्होंने 2047 तक भारत को विकसित भारत बनाने का लक्ष्य रखा।

2023: इकोनॉमी और पीएम किसान सम्मान निधि

2023 में पीएम मोदी ने कहा कि आज हम दुनिया की 5वीं सबसे बड़ी अर्थव्यस्था बन चुके हैं। गरीब कल्याण के लिए ज्यादा से ज्यादा पैसा खर्च करने की कोशिश की। पीएम किसान सम्मान निधि का किसानों का फायदा मिला। ढाई लाख करोड़ रुपये किसानों के खाते में जमा किए गए।

ये भी पढें-ये 5 कैश ट्रांजेक्शन हुए तो सीधा आपके घर पहुंचेगा इनकम टैक्स नोटिस, जानें कैसे बचें?...