‘संजू’ ने बचाई रणबीर कपूर की डूबती नैय्या

First Published Jul 8, 2018, 5:58 PM IST
Highlights

रणबीर कपूर की गिनती बॉलीवुड के नए दौर के सबसे अच्छे अभिनेताओं में होती है। बॉलीवुड में दस साल पूरे कर चुके रणबीर ने इस बीच 15 फिल्में की हैं। उनकी कुछ फिल्में बड़ी हिट साबित हुई तो कुछ दर्शकों को पसंद नहीं आई ।


इन दिनों अभिनेता रणबीर कपूर बॉलीवुड के मुन्नाभाई कहे जाने वाले संजय दत्त की बायोपिक ‘संजू’ को लेकर चर्चाओं में हैं। यह फिल्म बड़ी हिट रही है। फिल्म में रणबीर के अभिनय को काफी सराहा जा रहा है। कई जानकारों का कहना है कि इस फिल्म ने उनकी करियर को एक नई दिशा दे दी है। एक नजर रणबीर के करियर की कुछ ऐसी ही फिल्मों पर, जो बड़ी हिट और फ्लॉप रहीं।

सांवरिया

रणबीर कपूर ने संजय लीला भंसाली की फिल्म सांवरिया से बॉलीवुड में डेब्यू किया था। उनके साथ अभिनेत्री सोनम कपूर ने भी रुपहले पर्दे पर कदम रखा था। हालांकि बेहतरीन संगीत के बावजूद फिल्म फ्लॉप रही। रणबीर की सिनेमा की पारी की शुरुआत एक फ्लॉप फिल्म से हुई।  

बेशर्म

इस फिल्म में रणबीर कपूर कुछ अलग अंदाज में नज़र आए। फिल्म में रणबीर ने एक कार चोर ‘बबली’ का किरदार निभाया। हालांकि यह फिल्म भी दर्शकों को खास पसंद नहीं आई और टिकट खिड़की पर बुरी तरह पिट गई।

बर्फी

रणबीर कपूर ने इस फिल्म से अपने अभिनय का एक नया पहलू दिखाया। फिल्म में रणबीर ने एक गूंगे-बहरे युवक का किरदार निभाया। इस फिल्म को दर्शकों ने काफी पसंद किया। यह रणबीर के करियर की बड़ी हिट साबित हुई।

तमाशा

पर्दे पर दीपिका और रणबीर कपूर की जोड़ी को काफी पसंद किया जाता है। इसके बावजूद ‘तमाशा’ बुरी तरह फ्लॉप रही। फिल्म की कहानी में दम नहीं था। बड़ी स्टारकॉस्ट के बावजूद फिल्म दर्शकों को आकर्षित नहीं कर पाई।

ये जवानी है दीवानी

‘संजू’ से पहले तक इस फिल्म को रणबीर के करियर की सबसे बड़ी हिट माना जाता है। रणबीर ने ‘‘ये जवानी है दीवानी’’ से बॉलीवुड में अपनी जगह बना ली। बेहतरीन संगीत और युवाओं को आकर्षित करने वाली कहानी को दर्शकों ने हाथोंहाथ लिया। अभी तक यह रणबीर की सबसे ज़्यादा कमाई करने वाली फिल्म थी।

'संजू'

हाल ही में रिलीज हुई 'संजू' को रणबीर के करियर का टर्निंग प्वाइंट कहा जा सकता है। इस फिल्म में उन्होंने अभिनेता संजय दत्त का किरदार निभाया है। संजय के रोल में पर्दे पर वह खूब जमे हैं और उनके अभिनय की काफी तारीफ भी हो रही है। कई रिकॉर्ड तोड़ते हुए इस फिल्म ने पहले ही हफ्ते में 200 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई कर ली है।

click me!