
India’s 100 Richest 2024: 2024 भारत के 100 सबसे अमीर व्यक्तियों के लिए एक ऐतिहासिक साल साबित हुआ है। पहली बार, देश के अमीरों की सामूहिक संपत्ति 1 ट्रिलियन डॉलर पार कर गई है। पीएम नरेंद्र मोदी की तीसरी बार सत्ता में वापसी के बाद भारतीय शेयर बाजार में भारी उछाल देखने को मिला, जिससे इन उद्योगपतियों की संपत्ति में रिकॉर्ड तोड़ बढ़ोत्तरी हुई है। बेंचमार्क बीएसई सेंसेक्स में 30% की बढ़त इन उद्योगपतियों के लिए फायदेमंद साबित हुई है।
100 अमीरों की कुल संपत्ति 1.1 ट्रिलियन डॉलर
भारत के 100 सबसे अमीर लोगों की कुल संपत्ति अब 1.1 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंच गई है, जो 2019 के मुकाबले दोगुने से भी अधिक है। पिछले 12 महीनों में इन उद्योगपितयों ने अपनी संपत्ति में 316 बिलियन डॉलर जोड़े हैं, जो उनकी संपत्ति में लगभग 40% की बढ़ोत्तरी बता रहा है। इस साल 58 अरबपतियों की संपत्ति में 1 बिलियन डॉलर या उससे अधिक का इजाफा हुआ है, जबकि आधे दर्जन से अधिक की संपत्ति में 10 बिलियन डॉलर से अधिक का इजाफा हुआ है। टॉप 12 उद्योगपतियों के पास ग्रुप की कुल संपत्ति का लगभग आधा हिस्सा है।
मुकेश अंबानी की बादशाहत कायम
रिलायंस इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष मुकेश अंबानी, जिनकी संपत्ति 27.5 बिलियन डॉलर बढ़कर 119.5 बिलियन डॉलर हो गई है, लगातार भारत के सबसे अमीर व्यक्ति बने हुए हैं। उन्होंने निवेशकों को दिवाली के उपहार के रूप में शेयर बोनस जारी किए, साथ ही अपने बेटे अनंत की शादी के लिए कई भव्य समारोहों की मेजबानी भी की। इस वर्ष डॉलर के लिहाज से वह दूसरे सबसे बड़े लाभार्थी रहे हैं।
भारत के दूसरे सबसे अमीर शख्स हैं गौतम अडानी
गौतम अडानी, जिन्होंने पिछले साल के शॉर्ट-सेलिंग हमले से मजबूत वापसी की, इस साल सबसे अधिक संपत्ति जोड़ने वाले व्यक्ति रहे। अपने भाई विनोद अडानी के साथ, उनकी कुल संपत्ति 116 बिलियन डॉलर तक पहुंच गई है, जिससे वह भारत के दूसरे सबसे अमीर व्यक्ति बने हुए हैं। इस वर्ष उन्होंने अपनी संपत्ति में 48 बिलियन डॉलर का इजाफा किया है।
भारत की सबसे अमीर महिला
जिंदल ग्रुप की मुखिया सावित्री जिंदल, जो स्टील और पॉवर इंडस्ट्री में एक्टिव हैं, भारत की सबसे अमीर महिला हैं। उनकी संपत्ति में भी भारी बढ़ोत्तरी हुई है और वह पहली बार इस सूची में तीसरे स्थान पर पहुंच गई हैं। उनके बेटे सज्जन जिंदल, जिन्होंने एमजी मोटर के साथ इलेक्ट्रिक व्हीकल में कदम रखा है, ग्रुप की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
फार्मा इंडस्ट्री को मिली ग्रोथ
भारत की फार्मा इंडस्ट्री, जिसे दुनिया की फार्मेसी के रूप में जाना जाता है, ने भी अरबपतियों की इस सूची में अहम योगदान दिया है। सन फार्मा के संस्थापक दिलीप सांघवी की संपत्ति 32.4 बिलियन डॉलर तक पहुंच गई है, जिससे वह इस वर्ष पांचवें स्थान पर पहुंच गए। उनकी कंपनी के प्रोडक्ट्स की त्वचा रोगों के इलाज के लिए विश्व स्तर पर डिमांड है।
ये भी पढें-मुश्किलों से लड़कर BPSC टॉपर बना बिहार किसान का बेटा, सक्सेस पाने को आजमाया था ये तरीका
MyNation Hindi का Motivational News सेक्शन आपको हर दिन positivity और inspiration देने के लिए है। यहां आपको संघर्ष से सफलता तक की कहानियां, real-life success stories, प्रेरणादायक खबरें, achievers की journeys और motivational updates मिलेंगे। पढ़ें ऐसे कंटेंट जो आपको आगे बढ़ने और बेहतर सोचने की प्रेरणा दे।