यूपी में अमित शाह का विपक्षी गठबंधन पर हमला, पूछा- पीएम कौन?

By Team MyNationFirst Published Jan 30, 2019, 3:49 PM IST
Highlights

यूपी दौरे पर पहुंचे अमित शाह ने कहा, ‘भाजपा के फोर बी हैं- बढ़ता भारत, बनता भारत। जो गठबंधन करने चले हैं उनके फोर बी हैं- बुआ, भतीजा, भाई और बहन।

सपा और बसपा के गठजोड़ के बाद उभरती चुनौती के बीच भाजपा अध्यक्ष अमित शाह यूपी पहुंचे हैं। उन्होंने भाजपा के बूथ अध्यक्षों के सम्मेलन में यूपी में सपा-बसपा गठबंधन और राष्ट्रीय स्तर पर एकजुट हो रहे विपक्षी नेताओं पर निशाना साधा। शाह ने कहा, जब यूपी विधानसभा के चुनाव थे तब भी यूपी में दो लड़के इकट्ठा आए थे। आज भी गठबंधन हुआ है। ये कहते हैं ये हो जाएगा, वो हो जाएगा। लेकिन जिस वक्त भाजपा का बूथ कार्यकर्ता मैदान में उतरा, सब गठबंधन को ध्वस्त करके पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी।

जब विधानसभा के चुनाव थे तब भी यूपी में दो लड़के इकट्ठा आये थे। आज भी गठबंधन हुआ है। ये कहते हैं ये हो जायेगा, वो हो जायेगा। लेकिन जिस वक़्त बीजेपी का बूथ कार्यकर्ता मैदान में उतरा, सब गठबंधन को ध्वस्त करके पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी: श्री अमित शाह

— BJP (@BJP4India)

अमित शाह ने कहा, ‘विपक्ष बताए कि आपका प्रधानमंत्री पद का प्रत्याशी कौन है। अगर गठबंधन बना तो सोमवार को मायावती, मंगलवार को अखिलेश यादव, बुधवार को ममता, बृहस्पतिवार को शरद पवार, शुक्रवार को देवगौड़ा प्रधानमंत्री बनेंगे। शनिवार और रविवार को देश छुट्टी पर चला जाएगा। ये लोग परिवर्तन करने चले हैं और नेता का पता नहीं।’ 

अगर देश में गठबंधन की सरकार बनती है तो

सोमवार को बहन जी
मंगलवार को अखिलेश जी
बुधवार को ममता दीदी
गुरुवार को शरद पवार जी
शुक्रवार को देवेगौड़ा जी
शनिवार को स्टालिन पीएम बन जाएंगे

और रविवार को देश छुट्टी पर चला जायेगा: श्री अमित शाह

— BJP (@BJP4India)

 
उन्होंने कहा ‘भाजपा के फोर बी हैं- बढ़ता भारत, बनता भारत। जो गठबंधन करने चले हैं उनके फोर बी हैं- बुआ, भतीजा, भाई और बहन। इन लोगों की सरकार देश को आगे नहीं ले जा सकती। हम चाहते हैं कि मोदी जी के नेतृत्व में एक मजबूत सरकार बने। विपक्षी दल चाहते हैं कि सरकार मजबूर हो।’  

हमारे 4B हैं बढ़ता भारत, बनता भारत लेकिन उनके ठगबंधन में 4B हैं बुआ, बबुआ, भाई और बहन: श्री अमित शाह

— BJP (@BJP4India)

शाह ने राम मंदिर मुद्दे का भी जिक्र किया। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि वह कांग्रेस के सभी नेताओं से कहना चाहते हैं कि राम जन्मभूमि का नाम लेने का आपको कोई अधिकार नहीं है। वह उत्तर प्रदेश की जनता से कहने आए हैं कि राम जन्मभूमि पर भव्य मंदिर जल्द से जल्द बने इसके लिए भाजपा कटिबद्ध है।

श्री राम जन्मभूमि पर उसी स्थान पर भव्य राम मंदिर जल्द से जल्द बने इसके लिए भारतीय जनता पार्टी कटिबद्ध है: श्री अमित शाह pic.twitter.com/ealKAYJZI8

— BJP (@BJP4India)

उन्होंने कहा कि राम जन्मभूमि न्यास की 42 एकड़ जमीन कांग्रेस सरकार ने अधिग्रहीत कर ली थी। न्यास ने वह जमीन वापस मांगी, तो हमने इसका फैसला कर लिया। वह बहुत बड़ा फैसला है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को साधुवाद है कि उन्होंने यह साहसी कदम उठाया है। हम आशा करते हैं कि जल्द से जल्द अयोध्या मामले का निपटारा हो और श्रीराम अपने भव्य मंदिर में विराजमान होकर जनता का कल्याण करें।

शाह ने एनआरसी का मुद्दा भी उठाते हुए कहा कि चुनाव में जाने से पहले गठबंधन के सभी नेताओं को इस मामले पर अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए। भाजपा दोबारा सत्ता में आई तो कश्मीर से कन्याकुमारी तक एक-एक घुसपैठिये को चुन-चुनकर बाहर निकाला जाएगा। शाह ने कहा, एनआरसी पर राहुल बाबा एंड कंपनी हायतौबा कर रहे हैं। क्या घुसपैठिये विपक्ष के मौसेरे भाई हैं?

शाह ने कहा कि देश में मजबूत सरकार है। उरी हमले के बाद 10 दिन के अंदर पीएम मोदी के आदेश पर पाकिस्तान में घुसकर बदला लिया गया।  भाजपा अध्यक्ष ने कहा, ‘मैं कार्यकर्ताओं का आह्वान करता हूं कि यह लड़ाई देश के लिये महत्वपूर्ण है। यह लड़ाई जीतना भाजपा के साथ-साथ भारत के लिये भी जरूरी है। हमारा कार्यकर्ता 50 प्रतिशत लड़ाई जीतकर ही आएगा। सीटों की संख्या ऐसी हो कि विरोधियों के दिल दहल जाएं।’ उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि वे देश के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित होने जा रहे अगले लोकसभा चुनाव में भाजपा को इतनी संख्या में सीटें जिताएं कि विरोधियों के ‘दिल दहल' जाएं। 
 

click me!