
चंडीगढ़। हरियाणा में पिछले दो हफ्ते से रूका हुआ भाजपा और जजपा गठबंधन सरकार का विस्तार मंगलवार को हो सकता है। इसके लिए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने मंजूरी दे दी है। लिहाजा माना जा रहा है कि जिन नामों पर मुहर लगी है। उन्हें कल शपथ दिलाई जाएगी। इसमे दो निर्दलीय विधायकों को भी कैबिनेट में शामिल किया जा सकता है।
हरियाणा में 27 अक्टूबर को भाजपा और जजपा की गठबंधन सरकार बन गई थी। उस वक्त राज्य में सीएम के तौर पर मनोहर लाल खट्टर और उपमुख्यमंत्री के तौर पर दुष्यंत चौटाला ने शपथ ली थी। लेकिन उसके बाद राज्य में कैबिनेट का विस्तार नहीं हो सका। हालांकि उम्मीद की जा रही थी कि राज्य में दिवाली के बाद कैबिनेट विस्तार हो जाएगा। लेकिन महाराष्ट्र के मामले में पार्टी के उलझे रहने के कारण केन्द्रीय नेतृत्व की राज्य नेतृत्व के साथ मुलाकात नहीं हो पा रही थी।
इसी बीच अयोध्या मामले के कारण भी केन्द्र सरकार हरियाणा के मामले को नहीं देख पा रही थी। लिहाजा कल राज्य के सीएम मनोहर लाल खट्टर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह से मिले और राज्य में संभावित मंत्रियों की सूची उन्हें सौंपी। जिस पर अमित शाह ने मुहर लगाई। लिहाजा अब माना जा रहा है कि मंगलवार को पार्टी राज्य में कैबिनेट का विस्तार करेगी। जिसमें दो निर्दलीय विधायकों के साथ ही जजपा के विधायक भी शपथ लेंगे।
मनोहर लाल खट्टर की अगुवाई वाले राज्य मंत्रिमंडल का पहला विस्तार मंगलवार को होने की उम्मीद की जा रही है। माना जा रहा है कि खट्टर सरकार के नये मंत्री 12 नवंबर को शपथ लेंगे। उसी दिन सिख धर्म के संस्थापक गुरु नानक देव की 550 वीं जयंती है। बहरहाल भाजपा के छह विधायकों को कैबिनेट में लेने की बात चल रही है। इसमें अनिल विज, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष कंवर पाल, सीमा त्रिखा, महिपाल ढांडा, दीपक मंगला, घनश्याम सराफ हैं।
वहीं जजपा से राम कुमार गौतम, ईश्वर सिंह या अनूप धानक की उम्मीद की जा रही है। इसके साथ ही निर्दलीयों में रंजीत चौटाला और बलराज कुंडू को मंत्रिमंडल में जगह मिल सकती है। गौरतबल है कि 90 सदस्यीय हरियाणा विधानसभा में भाजपा के 40, जजपा के 10, कांग्रेस के 31 और इनेलो के दो विधायकों के साथ ही सात निर्दलीय विधायक हैं। इसमें एक विधायक हरियाणा लोकहित पार्टी का है।
MyNation Hindi पर पाएं आज की ताजा खबरें (Aaj Ki Taza Khabar)। यहां आपको राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, ब्रेकिंग न्यूज़ और देश-दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं की तुरंत और भरोसेमंद जानकारी मिलती है। राजनीति, अर्थव्यवस्था, खेल, मनोरंजन और टेक सहित हर बड़ी खबर पर रहें अपडेट—तेज, सटीक और आसान भाषा में।