
अमेठी--कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के संसदीय क्षेत्र अमेठी में कांग्रेस को तगड़ा झटका लगा है। यहां की जायस नगर पालिका के 13 सभासद कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हो गए।
अमेठी जिले के प्रभारी मंत्री मोहसिन रजा ने इन सभी सभासदों को पार्टी की सदस्यता ग्रहण करवाई। इस दौरान प्रभारी मंत्री ने कहा कि कांग्रेस हमेशा नफरत की राजनीति करती है।
अमेठी जिले के जायस कस्बे के कंचाना मोहल्ले में आयोजित कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री ने कहा कि राहुल गांधी व प्रियंका वॉड्रा मौसम का मजा लेने यहां आते हैं। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनीति में फेल हो गए हैं। इसलिए अपने परिवार के आखिरी सदस्य को मैदान में उतार दिया है। मोदी जी ने जनता का पैसा जनता तक पहुंचाने का काम किया है।
उन्होंने कहा कि देश में 16 राज्यों में भाजपा की सरकार है। 50 करोड़ लोगों को पांच लाख का स्वास्थ्य बीमा देने का काम मोदी जी ने किया है। केंद्र और प्रदेश सरकार तेजी से अमेठी का विकास कार्य करा रही है। नगर के अंदर सिर्फ पात्र लोगों को ही प्रधानमंत्री आवास मिलेगा। अगर अपात्र को प्रधानमंत्री आवास का लाभ मिला तो उनसे पैसा वापस करवाया जाएगा।
समारोह में जायस नगर पालिका के 13 सभासदों को भाजपा की सदस्यता ग्रहण कराई। ये ही वह सभासद हैं, जो आए दिन बोर्ड की बैठक में हंगामा करते थे। इस अवसर पर नगर पालिकाध्यक्ष महेश प्रताप सोनकर, अनिल त्रिपाठी, प्रकाश मिश्रा, नीरज सिंह, जाहिद अहमद, भाजपा नगर अध्यक्ष मनजीत सोनकर मौजूद रहे।
MyNation Hindi पर पाएं आज की ताजा खबरें (Aaj Ki Taza Khabar)। यहां आपको राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, ब्रेकिंग न्यूज़ और देश-दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं की तुरंत और भरोसेमंद जानकारी मिलती है। राजनीति, अर्थव्यवस्था, खेल, मनोरंजन और टेक सहित हर बड़ी खबर पर रहें अपडेट—तेज, सटीक और आसान भाषा में।