यूपी में भाजपा के प्रचार का शंखनाद: शाह बोले, चुनौती देने वाले चुनाव लड़ने से बच रहे

Published : Mar 24, 2019, 06:44 PM IST
यूपी में भाजपा के प्रचार का शंखनाद: शाह बोले, चुनौती देने वाले चुनाव लड़ने से बच रहे

सार

आगरा में विजय संकल्प सभा में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कहा, 'हमें देश की सुरक्षा के लिए प्रधानमंत्री को चुनना है, ऐसा पीएम चुनना है जो पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दे सके, ना कि सिर्फ इसलिए कि किसी की उम्र निकली जा रही है या किसी को पीएम बनने का शौक चढ़ा है।' 

भाजपा ने उत्तर प्रदेश में चुनाव प्रचार का आगाज कर दिया है। आगरा में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने विजय संकल्प सभा के साथ इसकी शुरुआत की। उन्होंने इस दौरान विपक्षी दलों पर जमकर हमला बोला। शाह ने कहा, ये विकास बनाम भ्रष्टाचार का चुनाव है। एक और मोदी देश के विकास के लिए आगे बढ़ रहे हैं। दूसरी ओर ये गठबंधन भ्रष्टाचार और सत्ता के स्वार्थ के लिए। उन्होंने कहा, देश के गरीबों के कल्याण के लिए प्रधानमंत्री चुनना चाहिए। देश की सुरक्षा और आतंकवाद को खत्म करने के लिए प्रधानमंत्री चुनना चाहिए। 

भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कहा, 'हमें देश की सुरक्षा के लिए प्रधानमंत्री को चुनना है, ऐसा पीएम चुनना है जो पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दे सके, ना कि सिर्फ इसलिए कि किसी की उम्र निकली जा रही है या किसी को पीएम बनने का शौक चढ़ा है। एक ओर मोदी हैं तो दूसरी ओर महागठबंधन और महामिलावट है। इनसे कोई पूछे कि अगर आप जीते तो पीएम कौन बनेगा। विपक्ष के पास इस सवाल का जवाब नहीं होगा।' 

शाह ने कहा, 'मायावती कहती हैं कि मोदी को हटाया जाए, मगर पूछो चुनाव कहां से लड़ेंगी तो कहेंगी कि मैं चुनाव नहीं लड़ूंगी। शरद पवार, अखिलेश यादव, ममता बनर्जी, स्टालिन, चंद्रबाबू नायडू सब कह रहे हैं कि मोदीजी को हटाना है, मगर पूछो आप चुनाव कहां से लड़ोगे तो ये सब कह रहे हैं कि हम चुनाव नहीं लड़ेंगे। बीते 70 सालों में कांग्रेस और उनके चट्टे-बट्टों ने शासन किया, लोगों को अहसास ही नहीं था कि देश आजाद भी है।' 

भाजपा अध्यक्ष ने कहा, 'यूपीए सरकार के दौरान पाकिस्तान हमारे सैनिकों को ले जाता था और सिर काटकर भेजता था, लेकिन 'मौनी बाबा' वाली सरकार के माथे पर जूं नहीं रेंगी। मोदी सरकार के दौरान उन्होंने उरी पर हमला किया, उन्हें लगा कि फिर 'मौनी बाबा' जैसी सरकार होगी। मगर मोदी ने सर्जिकल स्ट्राइक और पुलवामा हमले के बाद एयर स्ट्राइक कर पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दिया है।' 

शाह ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सेना से एयर स्ट्राइक के सबूत मांगते हैं। उनके इन सवालों पर पाकिस्तान की संसद में तालियां बजती हैं। उन्होंने कहा कि यह चुनाव गरीबों के विकास, देश की सुरक्षा और विश्व की मजबूत अर्थव्यवस्था बनाने जैसे मुद्दों पर लड़ना चाहिए ना कि किसी का प्रधानमंत्री बनने का ख्वाब पूरा करने के लिए। 

PREV

MyNation Hindi पर पाएं आज की ताजा खबरें (Aaj Ki Taza Khabar)। यहां आपको राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, ब्रेकिंग न्यूज़ और देश-दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं की तुरंत और भरोसेमंद जानकारी मिलती है। राजनीति, अर्थव्यवस्था, खेल, मनोरंजन और टेक सहित हर बड़ी खबर पर रहें अपडेट—तेज, सटीक और आसान भाषा में।

Recommended Stories

21BY72 Season 5: सूरत बना स्टार्टअप हब, निवेशकों और युवाओं का महाकुंभ
World Motorcycle Day: Ajay's Cafe और GMRA की अनोखी पहल, सुरक्षित राइडिंग का बड़ा संदेश