
'मेरा बूथ, सबसे मजबूत' कार्यक्रम के तहत भाजपा के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, हमारा देश नई नीति और नई रीति के साथ अपनी क्षमताओं का विस्तार करने में जुटा हुआ है। भारत का युवा आज उत्साह से परिपूर्ण है, देश के किसान से लेकर देश के जवान तक सभी को ये विश्वास मिला है कि नामुमकिन अब मुमकिन है।
पीएम मोदी ने कहा, पूरा देश एक है और हमारे जवानों के साथ खड़ा है। देश की भावनाएं एक अलग स्तर पर हैं। देश का वीर जवान सीमा पर और सीमा के पार भी अपना पराक्रम दिखा रह है। पूरा देश आज एक है और हमारे जवानों के साथ खड़ा है। दुनिया हमारा सामूहिक इच्छाशक्ति को देख रही है। हमारी सेनाओं के सामर्थ्य पर हमें भरोसा है। इसलिए बहुत आवश्यक है कि कुछ भी ऐसा न हो जिससे उनके मनोबल पर आंच आए। या हमारे दुश्मनों को हमारे पर ऊंगली उठाने का मौका मिल जाए।
पीएम ने परोक्ष रूप से पाकिस्तान पर निशाना साधते हुए कहा, भारत को अस्थिर करने के लिए आतंकी हमले के साथ-साथ दुश्मनों का एक मकसद ये भी होता है कि हमारी प्रगति रुक जाए, हमारी गति रुक जाए, हमारा देश थम जाए। उनके इस मकसद के सामने हर भारतीय को दीवार बनकर खड़ा होना है। देश की सुरक्षा और सामर्थ्य का संकल्प लेकर हमारा जवान सीमा पर जुटा हुआ है। हम सब पराक्रमी भारत के नागरिक हैं। इसलिए हम सबको भी सिपाही बनकर देश की समृद्धि और सौहार्द के लिए दिन रात एक करना होगा। यह हमारी पहली जिम्मेदारी है। पराक्रमी कभी यह नहीं सोचता, बहुत हो गया सो जाओ। इस वैभवशाली न्यू इंडिया के निर्माण के लिए वर्तमान में देश के करोड़ों के विश्वास में जो मजबूती है, जो आत्मविश्वास है, उसे एक धागे में पिरोना है। जिसे हम भारत माता के चरणों में अर्पित कर सके।
भाजपा कार्यकर्ताओं से पीएम ने कहा, भारत एक बनकर रहेगा, भारत एक बनकर जिएगा, भारत एक बनकर काम करेगा, भारत एक बनकर आगे बढ़ेगा, भारत एक बनकर लड़ेगा और भारत एक बनकर जीतेगा।
MyNation Hindi पर पाएं आज की ताजा खबरें (Aaj Ki Taza Khabar)। यहां आपको राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, ब्रेकिंग न्यूज़ और देश-दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं की तुरंत और भरोसेमंद जानकारी मिलती है। राजनीति, अर्थव्यवस्था, खेल, मनोरंजन और टेक सहित हर बड़ी खबर पर रहें अपडेट—तेज, सटीक और आसान भाषा में।