
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के नेता और रामपुर से सांसद आजम खान एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। आजम खान ने एक बार फिर प्रदेश की योगी सरकार और रामपुर के जिला प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोला। उन्होंने कहा कि योगी सरकार और जिला प्रशासन उन्हें परेशान कर रहा है। लिहाजा रामपुर में आजम खान के जलसे में जमकर हंगामा हुआ और लोगों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
असल में रामपुर में आजम खान के सांसद बन जाने के बाद उनके समर्थकों ने एक जलसे का आयोजन किया था। जिसमें आजम खान और जिले के समाजवादी पार्टी के नेता मौजूद थे। इस जलसे के लिए आयोजकों ने जिला प्रशासन से एक तय समय के लिए अनुमति ली थी। लेकिन तय समय से भी ज्यादा समय होने के बाद पुलिस के अफसरों ने जलसे को खत्म करने की बात कही तो आजम खान और उनके समर्थक भड़क गए।
आजम खान ने ये कार्यक्रम रामपुर के किले के मैदान में रखा था। वहां पर जब सीओ सिटी आशुतोष तिवारी ने आजम खान से कहा कि तय समय खत्म हो गया है तो वह और उनके समर्थक भड़क गए। इसके बाद आजम खान ने जलसे को संबोधित करते हुए कहा कि वो जलसा कर रहे हैं, अगर सरकार के आदेश पर वह(सिटी सीओ) गिरफ्तार करना चाहते हैं तो वह कर लीजिए।
इसके बाद भीड़ भड़क गयी और उसने योगी सरकार और जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। वहां पर हज़ारों की संख्या में मौजूद भीड़ पुलिस की तरफ बढ़ने लगी। मौके की नजाकत को समझते हुए आजम खान ने भीड़ को रोका।
असल में आजम खान का विवादों से पुराना नाता है। लोकसभा चुनाव के दौरान भी उन्होंने कई बार विवादित बयान दिए। जिसके बाद उनके चुनाव प्रचार पर प्रतिबंध लगा दिया गया। हाल ही में आजम खान पर जिला प्रशासन ने मुकदमा दर्ज कराया है। उन पर सरकारी जमीन को कब्जाने का आरोप है।
MyNation Hindi पर पाएं आज की ताजा खबरें (Aaj Ki Taza Khabar)। यहां आपको राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, ब्रेकिंग न्यूज़ और देश-दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं की तुरंत और भरोसेमंद जानकारी मिलती है। राजनीति, अर्थव्यवस्था, खेल, मनोरंजन और टेक सहित हर बड़ी खबर पर रहें अपडेट—तेज, सटीक और आसान भाषा में।