
बिहार में महागठबंधन में चल रही रस्साकशी के बीच सीटों का ऐलान हो गया है। पटना में एक साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राज्य के पूर्व डिप्टी सीएम और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने लोकसभा सीटों को लेकर हिस्सेदारी का ऐलान किया। सीट साझा करने के फॉर्म्युले के तहत सुपौल और पटना साहिब लोकसभा सीट कांग्रेस के खाते में आई है। वहीं, भागलपुर, बांका, मधेपुरा, दरभंगा, वैशाली, गोपालगंज, सीवान, महाराजगंज, सारण, हाजीपुर, बेगूसराय, पाटलिपुत्र, बक्सर, जहानाबाद, नवादा, झंझारपुर, अररिया, सीतामढ़ी और शिवहर आरजेडी को मिली है। कांग्रेस के नौ सीटों के खाते में किशनगंज, कटिहार, पूर्णिया, समस्तीपुर, मुंगेर, सासाराम और वाल्मीकि नगर भी आई है।
वहीं आरएलएसपी को 5 सीटें पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, उजियारपुर, काराकाट, जमुई, जीतनराम मांझी की 'हम' को नालंदा, औरंगाबाद और गया, वीआईपी को तीन मधुबनी, मुजफ्फरपुर, खगड़िया और सीपीआई (एमएल) के पास आरा सीट गई है।
कीर्ति आजाद को झटका, शत्रु को फायदा
दरभंगा सीट आरजेडी के हिस्से में आई है। अब यह सवाल उठने लगा है कि वहां से मौजूदा सांसद कीर्ति आजाद का क्या होगा। वह पिछले महीने ही भाजपा छोड़कर कांग्रेस में आए हैं। अब उनके बिहार में अपनी परंपरागत सीट से चुनाव लड़ने की संभावना खत्म हो गई है। माना जा रहा है कि पार्टी उन्हें दिल्ली से उतार सकती है। हालांकि अगर आम आदमी पार्टी के साथ दिल्ली में कांग्रेस का गठबंधन होता है, तो कीर्ति आजाद की मुश्किल बढ़ सकती हैं। वहीं अब आरजेडी के अब्दुल बारी सिद्दीकी दरभंगा से महागठबंधन के उम्मीदवार हैं। उधर, भाजपा के पूर्व नेता और पटना साहिब के मौजूदा सांसद शत्रुघ्न सिन्हा फायदे में रहे हैं। पटना साहिब सीट कांग्रेस के खाते में आने से शत्रुघ्न सिन्हा के फिर चुनाव लड़ने की संभावना बढ़ गई है। भाजपा ने यहां से केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद को मैदान में उतारा है।
बेगुसराय में आरजेडी भी लड़ेगी चुनाव
बिहार की सबसे हॉट सीट में से एक बनी बेगुसराय में अब मुकाबला दिलचस्प हो गया है। यहां लेफ्ट की ओर से जेएनयू छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष कन्हैया कुमार मैदान में उतर रहे हैं। वहीं भाजपा ने केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह को टिकट दिया है। ऐसे में आरजेडी के खाते में आई बेगुसराय सीट पर एक और प्रत्याशी तनवीर हसन के आने के बाद मुकाबला त्रिकोणीय माना जा रहा है।
आरजेडी ने उम्मीदवारों का भी ऐलान किया
भागलपुर- बुलो मंडल
मधेपुरा- शरद यादव
बांका- जयप्रकाश नारायण यादव
दरभंगा- अब्दुल बारी सिद्दीकी
वैशाली- रघुवंश प्रसाद सिंह
गोपालगंज- सुरेंद्र राम
सीवान-हिना साहब
महाराजगंज- रंधीर सिंह
सारण- चंद्रिका राय
हाजीपुर- शिवचंद्र राम
बेगूसराय- तनवीर हसन
पाटलिपुत्र- मीसा भारती
बक्सर- जगदानंद सिंह
जहानाबाद-सुरेंद्र यादव
झंझारपुर-गुलाब यादव
नवादा- विभा देवी
अररिया-सरफराज आलम
सीतामढ़ी-अर्जुन राय
शिवहर सीट से आरजेडी उम्मीदवार का नाम बाद में घोषित किया जाएगा। कांग्रेस ने भी बिहार की चार लोकसभा सीटों सुपौल (रंजीता रंजन), समस्तीपुर (डॉ. अशोक राम), सासाराम (मीरा कुमार) और मुंगेर (नीलम देवी) से अपने प्रत्याशियों की घोषणा पहले ही कर दी है।
MyNation Hindi पर पाएं आज की ताजा खबरें (Aaj Ki Taza Khabar)। यहां आपको राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, ब्रेकिंग न्यूज़ और देश-दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं की तुरंत और भरोसेमंद जानकारी मिलती है। राजनीति, अर्थव्यवस्था, खेल, मनोरंजन और टेक सहित हर बड़ी खबर पर रहें अपडेट—तेज, सटीक और आसान भाषा में।