
प्रयागराज। लोकसभा चुनाव 2024 में प्रयागराज में एक अनोखा कीर्तिमान बनने जा रहा है। 46 लाख से ज्यादा मतदाताओं वाले जिले में 1049 ऐसे मतदाता हैं, जिनकी उम्र 100 से 120 साल के बीच है। आपको जानकर हैरानी होगी कि इनमें से कई तो ब्रिटिश शासन काल में राजनीतिक रूप से एक्टिव रहें और देश के पहले चुनाव (1952) के बाद लगातार अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं।
100 से 109 साल उम्र वाले 414 पुरुष-440 महिला वोटर
लोकसभा चुनाव का शंखनाद हो चुका है। युवा से लेकर बुजुर्ग तक अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने की तैयारी में है। जिला प्रशासन भी वोटर लिस्ट को दुरुस्त कर आगे बढ़ रहा है। इस दरम्यान एक अनोखी जानकारी सामने आई है। जिसे सुनकर आप भी अचंभित हो जाएंगे। प्रयागराज जिले में 100 से 120 उम्र वाले 1049 मतदाताओं में से 414 पुरुष और 440 महिला वोटर ऐसी हैं, जिनकी उम्र 100 से 109 साल के बीच है।
110 से 119 साल के बीच 3 पुरुष और 10 महिला वोटर
तीन पुरुष और 10 महिला मतदाताओं की उम्र 110 से 119 साल के बीच है। इसके अलावा 44 पुरुष और 38 महिला वोटर्स 120 साल की उम्र के हैं। बुजुर्ग मतदाताओं को वोटिंग में मुश्किलों का सामना न करना पड़े। जिला प्रशासन इस दिशा में प्रयास कर रहा है, हालांकि अफसरों को इस सिलसिले में निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन का इंतजार है। यूथ वोटर्स को जागरूक करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
50 हजार से ज्यादा पहली बार करेंगे मतदान
प्रयागराज जिले की मतदाता सूची देखी जाए तो 50114 वोटर पहली बार मतदान करेंगे। उनकी उम्र 18 से 19 साल के बीच है। 8,14,455 वोटर ऐसे हैं, जिनकी उम्र 20 से 29 साल के बीच है। 13,71,108 वोटर्स की उम्र 30 से 39 साल के बीच है। 9,75,871 वोटर्स की उम्र 40 से 49 वर्ष के बीच है। 7,34,615 वोटर्स की उम्र 50 से 59 वर्ष और 4,34,950 मतदाताओं की उम्र 60 से 69 साल के बीच है। 11 हजार 96 वोटर 90 से 99 साल की उम्र और 59,743 मतदाताओं की उम्र 80 से 89 साल के बीच है।
MyNation Hindi पर पाएं आज की ताजा खबरें (Aaj Ki Taza Khabar)। यहां आपको राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, ब्रेकिंग न्यूज़ और देश-दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं की तुरंत और भरोसेमंद जानकारी मिलती है। राजनीति, अर्थव्यवस्था, खेल, मनोरंजन और टेक सहित हर बड़ी खबर पर रहें अपडेट—तेज, सटीक और आसान भाषा में।