
गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर की हालत नाजुक बनी हुई है। राज्य सरकार में मंत्री विजय सरदेसाई ने शनिवार को मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर से भेंट की। इसके बाद उन्होंने कहा कि पर्रिकर का स्वास्थ्य बिगड़ा है लेकिन स्थिर बना हुआ है। सरदेसाई गोवा के पांच विधायकों के साथ पर्रिकर के निजी आवास पर उससे मिलने पहुंचे थे। इस बीच, पार्टी के वरिष्ठ नेता और डिप्टी स्पीकर माइकल लोबो ने कहा है कि जब तक पर्रिकर हैं वहीं राज्य के सीएम रहेंगे। किसी ने उनको हटाने की मांग नहीं की है। लोबो ने कहा कि सीएम पर्रिकर की तबीयत को लेकर पार्टी के नेता और विधायक फ्रिकमंद है। लेकिन वह बहुत बीमार हैं, उनके स्वस्थ होने की संभावना बहुत कम है। अगर उन्हें कुछ होता है तो नया सीएम भाजपा का होगा।
उधर, सूत्रों का कहना है कि पार्टी में पर्रिकर की जगह किसी और को सीएम बनाने की चर्चा हुई है। हालांकि, उन्होंने साफ किया कि इसका फैसला रविवार को पार्टी नेताओं और विधायकों की होने वाली बैठक में लिया जाएगा। आज पार्टी के वरिष्ठ नेता भी आ रहे हैं। ऐसे में सभी बैठकर इस पर फैसला लेंगे। इसमें गोवा फॉरवर्ड पार्टी और महाराष्ट्रवादी गोमंतक पार्टी के साथ गठबंधन पर भी चर्चा होगी।
वहीं शनिवार को सरदेसाई के नेतृत्व में पर्रिकर से मिलने पहुंचे सभी विधायक राज्य की भाजपा नीत सरकार के सहयोगी हैं। इनमें गोवा फॉरवर्ड पार्टी के जयेश सलगांवकर और विनोद पाल्येकर और निर्दलीय रोहन खौंते, गोविंद गावडे और प्रसाद गावंकर शामिल थे। डोना पौला स्थित पर्रिकर के निजी आवास से निकलते हुए सरदेसाई ने कहा कि मुख्यमंत्री का स्वास्थ्य बिगड़ा है, लेकिन स्थिर है।
उन्होंने कहा, जब कैंसर का पता चला था तो मुख्यमंत्री ने पद छोड़ने की इच्छा जताई थी, उस वक्त हमने स्थायी समाधान और स्थिरता की मांग की थी। अब उनका स्वास्थ्य बिगड़ा है, लेकिन हम उनके साथ हैं। उनका स्वास्थ्य स्थिर है। मुझे उनकी बीमारी के स्तर का ज्ञान नहीं है।
सरदेसाई ने कहा कि वह जीवनरक्षण प्रणाली पर नहीं हैं। मुझे नहीं पता कि मेडिकल में इस अवस्था के लिए क्या कहेंगे। मुख्यमंत्री कार्यालय का कहना है कि उनकी हालत स्थिर है, इसलिए हम मान रहे हैं कि वह स्थिर हैं।
MyNation Hindi पर पाएं आज की ताजा खबरें (Aaj Ki Taza Khabar)। यहां आपको राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, ब्रेकिंग न्यूज़ और देश-दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं की तुरंत और भरोसेमंद जानकारी मिलती है। राजनीति, अर्थव्यवस्था, खेल, मनोरंजन और टेक सहित हर बड़ी खबर पर रहें अपडेट—तेज, सटीक और आसान भाषा में।