दुनियां की 14 भाषाओं में देखी जा सकती है दिल्ली की रामलीला

First Published Jul 3, 2018, 11:12 AM IST
Highlights

दिल्ली की प्रसिद्ध लव-कुश लामलीला की दुनिया की अलग-अलग 14 भाषाओं में होगी डबिंग जिसमें बॉलीवुड कलाकर भी ले रहे हैं भाग — सोशल साइट्स और यू ट्यूब पर देख सकते हैं लीला

दिल्ली के लाल किला मैदान में होने वाली रामलीला पहली बार यू-ट्यूब, फेसबुक के साथ-साथ ऑनलाइन पोर्टल पर दुनिया की अलग-अलग 14 भाषाओं में दिखाई जाएगी। नई दिल्ली के कांस्टटीटयूशन क्लब में आयोजित एक प्रेस कांफ्रेंस में इसकी जानकारी लवकुश लीला कमेटी के चेयरमैन अशोक अग्रवाल ने दी। प्रेस कांफ्रेस में अवतार गिल, रितु शिवपुरी, शंकर साहनी, रूपेश कटारिया और पायस पंडित भी मौजूद थे। ये सभी कलाकार इस बार होने वाली रामलीला में भाग लेंगे।

चैयरमैन अशोक अग्रवाल ने बताया कि आज के युवा सोशल साइट्स और डिजिटल तकनीक के साथ जुड़ते जा रहे हैं और हम लोगों ने ज़्यादा से ज़्यादा लोगों को जोड़ने के लिये यह फ़ैसला लिया है। अशोक ने बताया कि पिछले साल यू-ट्यूब पर लीला को 90 लाख से ज़्यादा दर्शकों ने देखा इनमें यूरोपीय देशों के दर्शकों की संख्या में सबसे ज़्यादा रही।

विदेशी दर्शकों की संख्या को देखते हुए ही हम लोगों ने इसको 14 भाषाओं में दिखाने का फैसला किया है। मुंबई से अलग-अलग भाषाओं में लीला के लिए डबिंग करने वाले 50 से ज़्यादा डबिंग कलाकारों से संपर्क किया है। लीला की हिंदी, संस्कृत, भोजपुरी, पंजाबी, तेलुगू तमिल के अलावा अंग्रेजी, रूसी, फ़्रांसीसी आदि सात अलग अलग देशों की भाषाओं में डबिंग होगी।

इस साल की लीला में अवतार गिल विभीषण का, रितू शिवपुरी सीता का, मां सुनयना का और गायक शंकर साहनी गुरू वशिष्ठ का रोल कर रहे है।

लीला के प्रचार के सदस्य सुमित वशिष्ठ ने बताया कि मंच पर करीब सात घंटे की लीला का मंचन होगा और इस दौरान वीआईपी के आने के बाद भी लीला का मंचन रोका नहीं जाएगा। प्रतिदिन लीला समाप्त होने पर सभी दर्शकों के बीच प्रसाद का वितरण किया जाएगा। दर्शकों की सुरक्षा और सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाएगा।

click me!