
नई दिल्ली। राज्यसभा के होने वाले चुनाव के लिए शिवसेना पार्टी प्रवक्ता प्रियंका चतुर्वेदी को प्रत्याशी घोषित किया है। प्रियंका कभी कांग्रेस में हुआ करती थी, लेकिन लोकसभा चुनाव से पहले उन्होंने शिवसेना का दामन थाम लिया था। वहीं कांग्रेस ने भी राज्यसभा चुनाव के लिए 9 उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है।
शिवसेना ने महाराष्ट्र से राज्यसभा सीट के लिए प्रियंका चतुर्वेदी को उम्मीदवार बनाया है। प्रियंका पार्टी की प्रवक्ता हैं और पार्टी अध्यक्ष उद्धव ठाकरे की करीबी मानी जाती है। प्रियंका पहले कांग्रेस की प्रवक्ता हुआ करती थी। लेकिन पिछले साल लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस से मतभेदों के कारण उन्होंने पार्टी को अलविदा कह दिया था। हालांकि उन्होंने आरोप लगाया था कि पार्टी में महिलाओं को सम्मान नहीं दिया जाता है।
दिलचस्प ये है कि प्रियंका चतुर्वेदी ने तत्कालीन महासचिव ज्योतिरादित्य सिंधिया पर आरोप लगाते हुए पार्टी को अलविदा कहा था और दो दिन दिन पहले ही सिंधिया ने कांग्रेस को अलविदा कह दिया है। प्रियंका ने मथुरा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा बदसलूकी करने का आरोप गया था। जिन्हें बाद में पार्टी ने बाहर कर दिया था। लेकिन तब सिंधिया ने उन नेताओं को फिर से पार्टी में शामिल कर लिया था। जिसको लेकर वह नाराज थी। वहीं कांग्रेस ने राज्यसभा चुनाव के लिए नौ प्रत्याशियों के नाम का ऐलान किया है।
पार्टी ने मध्य प्रदेश से दिग्विजय सिंह और फूल सिंह बरैया, छत्तीसगढ़ से केटीएस तुलसी और फुलो देवी नेताम, झारखंड से शहजाद अनवर, महाराष्ट्र से राजीव सताव, मेघालय से केनेडी कॉर्नेलियस खैयेम, राजस्थान से केसी वेणुगोपाल और नीरज दांगी को राज्यसभा प्रत्याशी बनाया है। वहीं महाराष्ट्र में खाली हो रही सात राज्यसभा सीटों के लिए एनसीपी प्रमुख शरद पवार ने नामांकन पत्र दायर किया है। राज्य से केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले, कांग्रेस के हुसैन दलवई, शिवसेना के राजकुमार धूत, भाजपा के अमर साबले, भाजपा समर्थित निर्दलीय संजय काकडे और एनसीपी के मजीद मेमन का कार्यकाल खत्म हो रहा है।
MyNation Hindi पर पाएं आज की ताजा खबरें (Aaj Ki Taza Khabar)। यहां आपको राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, ब्रेकिंग न्यूज़ और देश-दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं की तुरंत और भरोसेमंद जानकारी मिलती है। राजनीति, अर्थव्यवस्था, खेल, मनोरंजन और टेक सहित हर बड़ी खबर पर रहें अपडेट—तेज, सटीक और आसान भाषा में।