
जयपुर। राजस्थान विधानसभा चुनाव 2023 के मतदान का समय नजदीक है। कैंडिडेट्स नामांकन भी कर चुके हैं। नामांकन पत्रों की जांच शुरु हो गई है। नामांकन पत्रों में गड़बड़ी होने पर कैंडिडेट चुनावी दंगल से बाहर हो जाएगा। इसी बीच राजस्थान में एक ऐसे प्रत्याशी की चर्चा है, जो पहली या दूसरी बार नहीं, बल्कि 32वीं बार चुनाव लड़ रहा है। यह सुनकर आप भी चौंक गए होंगे। पर यह हकीकत है।
सरपंच से लेकर लोकसभा तक चुनाव लड़ चुके हैं तीतर सिंह
अपने जीवन में 32वीं बार चुनाव लड़ रहे राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले की श्रीकरणपुर विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार तीतर सिंह की हर बार जमानत जब्त होती रही है। इसके बावजूद वह अगली बार फिर चुनाव में खड़े होते हैं। आपको जानकर हैरानी होगी कि तीतर सिंह सरपंच से लेकर लोकसभा तक का चुनाव लड़ चुके हैं।
गिनीज बुक ऑफ़ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज कराना चाहते हैं नाम
तीतर सिंह की केवल एक ख्वाहिश है कि चुनाव जीतने पर वह जनप्रतिनिधि बनकर अपने इलाके के गरीबों का उत्थान करेंगे। उनकी यह भी इच्छा है कि वह सबसे ज्यादा बार चुनाव लड़ने का रिकॉर्ड बनाएं। इसके लिए उनका नाम गिनीज बुक ऑफ़ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हो।
नामांकन के लिए कई बार बेच चुके हैं घर का सामान
आपको बता दें की तीतर सिंह मजदूरी का करते थे। साल 1985 में पहला चुनाव लड़ा। फिर हर बार के चुनावों में प्रत्याशी बनें। चाहे वह विधानसभा का चुनाव हो या फिर लोकसभा का। उन्होंने सरपंच और पंचायत समिति के चुनाव में भी अपनी दावेदारी पेश की। पांचवी तक पढ़े तीतर सिंह कई बार नामांकन के लिए घर का सामान और बकरियां तक बेच चुके हैं, ताकि वह नामांकन के लिए जरुरी पैसों का इंतजाम कर सकें। इससे आप समझ सकते हैं कि चुनाव लड़ना उनके लिए कितनी अहमियत रखता है।
MyNation Hindi पर पाएं आज की ताजा खबरें (Aaj Ki Taza Khabar)। यहां आपको राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, ब्रेकिंग न्यूज़ और देश-दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं की तुरंत और भरोसेमंद जानकारी मिलती है। राजनीति, अर्थव्यवस्था, खेल, मनोरंजन और टेक सहित हर बड़ी खबर पर रहें अपडेट—तेज, सटीक और आसान भाषा में।