
उत्तर प्रदेश के सबसे बड़े सियासी यादव परिवार के बीच राजनैतिक प्रतिद्वंदिता का गढ़ फिरोजाबाद बनने जा रहा है। यहां पर समाजवादी पार्टी के महासचिव रामगोपाल यादव और सपा के ही बागी विधायक और प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव आमने सामने होंगे। दोनों ही आज एक साथ फिरोजाबाद में रैली आयोजित कर रहे हैं। शिवपाल पहले ही फिरोजाबाद से चुनाव लड़ने का ऐलान कर चुके हैं जबकि रामगोपाल यादव अपने बेटे के लिए फिर से राजनैतिक जमीन तैयार कर रहे हैं। शिवपाल के यहां से चुनाव लड़ने के ऐलान के बाद जिले का राजनैतिक तापमान तेजी से बदल रहा है।
आगामी लोकसभा चुनाव में ये तय हो गया है कि यादव परिवार के ही सदस्य चुनाव में एक दूसरे के आमने सामने होंगे। समाजवादी पार्टी बसपा के साथ मिलकर आगामी लोकसभा चुनाव लड़ रही तो सपा से बागी होकर शिवपाल सिंह यादव ने अपनी अलग पार्टी बना ली है। शिवपाल ने प्रगतिशील समाजवादी पार्टी(लोहिया) का गठन किया है और आगामी लोकसभा चुनाव लड़ने का फैसला किया है। अब ऐसा माना जा रहा है कि प्रसपा सपा के वोट बैंक को नुकसान पहुंचाएगी क्योंकि सपा का वोटबैंक ही प्रसपा का वोट बैंक है। अब प्रसपा के अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने फिरोजाबाद से चुनाव लड़ने का फैसला किया है और इस फैसले के बाद सपा की मुश्किलें बढ़ गयी है।
क्योंकि यहां से सपा के महासचिव और अखिलेश यादव के सबसे करीबी राम गोपाल यादव के बेटे अक्षय यादव पिछला चुनाव जीते हैं और फिर से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं। आज यहां एक ही दिन रामगोपाल यादव और शिवपाल सिंह यादव रैली करने जा रहे हैं रामलीला मैदान में प्रसपा के मंच से शिवपाल सिंह यादव बरसेंगे तो रामगोपाल यादव की सभा जसराना विधानसभा क्षेत्र में होने जा रही। फिरोजाबाद में सपा के बागियों ने प्रगतिशील समाजवादी पार्टी का दामन थामकर उसके खिलाफ आग उगलना शुरू कर दिया।
पिछले दिनों प्रोफेसर यादव और उनके सांसद पुत्र अक्षय यादव के खिलाफ हल्ला बोल रैली हुई थी। शिवपाल ने अपनी रैली के लिए 'हैं तैयार हम' का स्लोगन दिया है और यहां रैली में वह अपने बेटे आदित्य यादव के साथ हेलीकॉप्टर से पहुंचेंगे। जबकि रामगोपाल यादव ने 'एकता महासभा' का आयोजन किया है।
MyNation Hindi पर पाएं आज की ताजा खबरें (Aaj Ki Taza Khabar)। यहां आपको राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, ब्रेकिंग न्यूज़ और देश-दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं की तुरंत और भरोसेमंद जानकारी मिलती है। राजनीति, अर्थव्यवस्था, खेल, मनोरंजन और टेक सहित हर बड़ी खबर पर रहें अपडेट—तेज, सटीक और आसान भाषा में।