
अलीगढ़: यूपी के अलीगढ़ के थाना कोतवाली इलाके में शुक्रवार को दारोगा की लापरवाही से एक महिला के सिर में गोली लग गई। महिला इशरत पासपोर्ट वेरिफिकेशन के सिलसिले में थाने आई थी। तभी वहां मौजूद दारोगा मनोज शर्मा की पिस्टल से गोली चल गई, जो महिला के सिर के बैक साइड में जा लगी। जानकारी मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। दारोगा को सस्पेंड कर केस दर्ज करने के आदेश दिए गए हैं। बहरहाल, दारोगा फरार है। पूरे मामले का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है।
क्या है मामला?
दरअसल, इशरत नाम की एक महिला अपने बेटे के साथ अलीगढ़ कोतवाली में पासपोर्ट वेरिफिकेशन कराने के लिए गई हुई थी। उसी दरम्यान दारोगा मनोज कुमार शर्मा भी थाने में मौजूद थे और अपनी पिस्टल चेक कर रहे थे। एकाएक उनकी पिस्टल से गोली चल गई, जो सीधे इशरत के सिर के पिछले हिस्से में जा लगी। महिला जमीन पर गिर पड़ी। आनन-फानन में उसे इलाज के लिए अस्पताल में एडमिट कराया गया। परिजनों में कोहराम मचा है।
दोपहर 2:50 बजे कोतवाली में घटी घटना
पुलिस का कहना है कि यह घटना दोपहर 2:50 बजे घटी। जब महिला कोतवाली में आई हुई थी। एसआई मनोज कुमार शर्मा की पिस्टल से चली गोली महिला को लगी है। महिला वहां पासपोर्ट वेरिफिकेशन के सिलसिले में आई हुई थी और उनके पास में ही खड़ी थी। हेड इंजरी के बाद महिला को अस्पताल ले जाया गया। महिला का इलाज चल रहा है।
मेडिकल कॉलेज में महिला का चल रहा इलाज
पुलिस का कहना है कि जो भी बढ़िया इलाज है। वह महिला को उपलब्ध कराया जा रहा है। पुलिस के अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे हैं। महिला का परिवार जो भी तहरीर देगा। उसी आधार पर कार्रवाई की जाएगी। लापरवाह दारोगा के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। यह लापरवाही क्राइम की श्रेणी में आता है। हालांकि गोली चलने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। आसपास खड़े सिपाही बच गए हैं। दारोगा फरार है, उसे पकड़ने के लिए टीम लगाई गई है।
MyNation Hindi पर पाएं आज की ताजा खबरें (Aaj Ki Taza Khabar)। यहां आपको राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, ब्रेकिंग न्यूज़ और देश-दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं की तुरंत और भरोसेमंद जानकारी मिलती है। राजनीति, अर्थव्यवस्था, खेल, मनोरंजन और टेक सहित हर बड़ी खबर पर रहें अपडेट—तेज, सटीक और आसान भाषा में।