
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार का आज होने वाला कैबिनेट विस्तार टल गया है। माना जा रहा है कि कुछ नामों पर पूरी तरह से सहमति नहीं बन पाई है और वहीं पूर्व केन्द्रीय मंत्री अरूण जेटली के खराब स्वास्थ्य को भी एक बड़ी वजह बताया जा रहा है। जिसके कारण आज विस्तार को टाल दिया गया है। इसके लिए अगली तारीख बाद में घोषित होगी। हालांकि इसी बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दिल्ली चले गए हैं।
रविवार को मंत्रिमंडल विस्तार के लिए राज्यपाल आंनदीबेन पटेल से योगी सरकार ने समय लिया था और राज्यपाल ने समय भी तय कर दिया था। लेकिन रात में अचानक कैबिनेट विस्तार को टालने की खबर आई। असल में भाजपा के दिग्गज नेता अरूण जेटली के स्वास्थ्य को देखते हुए योगी सरकार ने कैबिनेट के विस्तार को टालने का फैसला किया है।
इसके साथ ही कुछ नामों को लेकर भी सहमति नहीं बन पाई है, जिसको विस्तार को टालने की वजह बताया जा रहा है। हालांकि दो दिन पहले ही योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह और महामंत्री संगठन सुनील बंसल की राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के साथ बैठक हो चुकी थी। जिसमें सभी संभावित नामों पर चर्चा हुई थी।
जानकारी के मुताबिक गोरखपुर जाने से पहले सीएम योगी ने पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और संगठन महामंत्री सुनील बंसल के साथ अपने आवास पर बैठक की। गौरतलब है कि योगी सरकार का कैबिनेट विस्तार काफी अरसे लंबित है। लिहाजा राज्य सरकार पर भी संगठन का दबाव है कि जल्द से जल्द कैबिनेट विस्तार किया जाए।
हटाए जा सकते हैं आधा दर्जन मंत्री
जानकारी के मुताबिक खराब प्रदर्शन वाले आधा दर्जन मंत्रियों को हटाया जा सकता है। वहीं कुछ राज्य मंत्रियों को प्रमोट कर कैबिनेट का दर्जा दिया जाएगा। हटाए जाने वाले मंत्रियों के लिए कहा जा रहा है कि ये ट्रांसफर-पोस्टिंग को लेकर विवादित रहे हैं। यही नहीं लोकसभा हारने वाले एक मंत्री की भी छुट्टी होने की खबर आ रही है।
MyNation Hindi पर पाएं आज की ताजा खबरें (Aaj Ki Taza Khabar)। यहां आपको राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, ब्रेकिंग न्यूज़ और देश-दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं की तुरंत और भरोसेमंद जानकारी मिलती है। राजनीति, अर्थव्यवस्था, खेल, मनोरंजन और टेक सहित हर बड़ी खबर पर रहें अपडेट—तेज, सटीक और आसान भाषा में।