
नई दिल्ली।
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर एयर इंडिया ने आज 52 उड़ानों की कमान मातृशक्ति के हाथ में दी है। एयर इंडिया ने महिला चालक दल के हाथ में 12 अंतरराष्ट्रीय और 40 से ज्यादा घरेलू उड़ानों का परिचालन सौंपा है। एयर इंडिया ने घोषणा की थी कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में उसकी मध्यम और लंबी दूरी की 12 अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में चालक दल में केवल महिलाएं होंगी।
जानकारी के मुताबिक इसके घरेलू मार्गों पर 40 से ज्यादा उड़ानों के फेरे का परिचालन का नेतृत्व पूरी तरह महिला दल करेंगी वहीं 12 अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए बी 787 ड्रीमलाइनर और बी777 विमानों को लगा रही है। एयर इंडिया के द्वारा उपलब्ध करायी गयी जानकारी के मुताबिक इन उड़ानों में दिल्ली-सिडनी, मुंबई-लंदन, दिल्ली-रोम, दिल्ली-लदंन, मुंबई-दिल्ली-शंघाई, दिल्ली-पेरिस, मुंबई-न्यूयॉर्क, मुंबई-न्यूयॉर्क, दिल्ली न्यूयॉर्क, दिल्ली-वाशिंगटन, दिल्ली-शिकागो और दिल्ली-सैन फ्रांसिस्को मार्ग की उड़ानें शामिल हैं।
उधर एयर इंडिया के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक अश्विनी लोहानी ने सभी महिला चालक दल के सदस्यों को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की बधाई दी।
कुछ दिन पहले ही एयर इंडिया के नए सीएमडी अश्वनी लोहानी ने क्रू सदस्यों को हर उड़ान की घोषणा के बाद भरपूर जोश के साथ ‘‘जय हिंद’’ कहने का आदेश जारी किया है। एयर इंडिया के ऑपरेशंस निदेशक अमिताभ सिंह ने इसके लिए आदेश जारी किया है। इसके मुताबिक तत्काल प्रभाव से सभी क्रू को हर घोषणा के अंत में थोड़े से अंतराल के बाद तथा जोश के साथ ‘जय हिंद’ बोलना होगा। ताकि देशभक्ति की भावना भी बने रहे।
चेयरमैन और प्रबंध निदेशक अश्वनी लोहानी ने अपने पहले कार्यकाल के दौरान मई 2016 में पायलटों को ऐसे ही निर्देश दिए थे।
इसके पीछे अफसरों के तर्क हैं कि मौजूदा हालात को देखते हुए और देश के रूख के साथ ही कर्मचारियों के लिए ‘‘रिमाइंडर’’ दिया गया है। वहीं अपने आदेश में सीएमडी ने कहा था कि कर्मचारियों को यात्रियों के साथ विनम्र होना चाहिए और हमेशा चेहरे पर मुस्कान रखना चाहिए। वहीं केबिन क्रू को यात्रियों के विमान पर चढ़ने और उतरने के समय परंपरा के तौर पर उन्हें ‘नमस्कार’ कहना चाहिए।
सोशल मीडिया में भी एयर इंडिया के इस पहल की तारीफ हो रही है। वहीं सोशल मीडिया मे पुलवामा अटैक और एयर स्ट्राइक के बाद देश में देशभक्ति जुड़ी कई चीजें जमकर ट्रेंड हो रही हैं। गौरतलब है कि पुलवामा हमले के बाद भारत की वायुसेना ने पाकिस्तान पर एयर स्ट्राइक कर आंतकी ठिकानों को खत्म कर दिया था।
MyNation Hindi पर पाएं आज की ताजा खबरें (Aaj Ki Taza Khabar)। यहां आपको राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, ब्रेकिंग न्यूज़ और देश-दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं की तुरंत और भरोसेमंद जानकारी मिलती है। राजनीति, अर्थव्यवस्था, खेल, मनोरंजन और टेक सहित हर बड़ी खबर पर रहें अपडेट—तेज, सटीक और आसान भाषा में।