हेल्थ डेस्क: अफ्रीका में पाया जाने वाला एमपॉक्स(Mpox) वायरस अब दूसरे देशों में भी आतंक मचा रहा है। 116 देशों में संक्रमण फैला चुका मंकीपॉक्स वायरस अब पड़ोसी देश पाकिस्तान भी पहुंच चुका है। तेजी से फैल रहे वायरस संक्रमण को देखते हुए WHO ने हेल्थ इमरजेंसी घोषित कर दी है। हेल्थ एजेंसी ने एमपॉक्स को ग्रेड 3 इमरजेंसी में क्लासीफाई किया है। रिपोर्ट्स की मानें तो पिछले साल 2023 से अब तक एमपॉक्स के करीब 27,000 मामलें आ चुके हैं। दुखद है कि अब तक 1100 लोगों की मौत भी हो चुकी है। जानिए एमपॉक्स वायरस से जुड़े लक्षणों के बारे में। 

एमपॉक्स(Mpox) के लक्षण

ऑर्थोपॉक्सवायरस जीनस से संबंध रखने वाला एमपॉक्स को मंकीपॉक्स भी कहा जाता है। एमपॉक्स का संक्रमण होने पर चेचक जैसे लक्षण दिखते हैं। शरीर में दानों के साथ मवाद भी भर जाता है। व्यक्ति को बुखार के साथ ही बदन दर्द, सिरदर्द, मसल्स पेन आदि लक्षण दिखते हैं। शरीर के विभिन्न स्थानों जैसे हाथ-पैर, जननांगों आदि में दाने उभरने लगते हैं। 

मजबूत इम्यूनिटी से होगा बचाव

अभी तक एमपॉक्स की दवा नहीं बनी है। जिन लोगों को इम्यूनिटी मजबूत होती है उनमें एमपॉक्स के लक्षण कुछ दिन दिखते हैं और फिर व्यक्ति अपने आप ठीक हो जाता है। वहीं कमजोर इम्यूनिटी वाले लोगों के लिए एमपॉक्स वायरस जानलेवा साबित हो सकता है। 

संक्रमित व्यक्ति से बनाएं दूरी

एमपॉक्स के लक्षण दिखने में 3 से 17 दिन का समय लगता है। यदि व्यक्ति किसी दूसरे देश से होकर आया है तो उसे कुछ दिन तक शरीर के लक्षणों पर ध्यान देना चाहिए। अभी तक एमपॉक्स को लेकर भारत में कोई भी केस नहीं आया है। अगर कोई व्यक्ति संक्रमित है तो उससे दूरी बना कर रखें। शरीर में दाने या फिर फुंसियां होने पर तुरंत डॉक्टर को दिखाएं। जिन देशों में मंकीपॉक्स के केस अधिक हैं, वहां जाने से बचें।  
 

और पढ़ें: कभी क्रेन से निकाला जाता था इस इंसान को घर से बाहर, अब किया 542 KG weight loss