गोरखपुर। मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (MMMUT) की स्टूडेंट आराध्या त्रिपाठी को गूगल में 52 लाख के पैकेज पर प्लेसमेंट मिला है। MMMUT के किसी स्टूडेंट को पहली बार इतने भारी भरकम पैकेज पर नौकरी मिली है। वह मूल रूप से संतकबीरनगर जिले के मगहर क्षेत्र के गोइठवा गांव की रहने वाली हैं। उनके पिता अंजनी नंदन त्रिपाठी गोरखपुर की दीवानी कचहरी में अधिवक्ता हैं। गोरखनाथ क्षेत्र के गांधीनगर मोहल्ले में रहते हैं। बचपन से ही पढ़ाई में तेज आराध्या की 10वीं और 12वीं की पढ़ाई सेंट जोसेफ स्कूल गोरखनाथ से हुई। फिर उन्होंने MMMUT से कंप्यूटर साइंस में बीटेक किया।

55 हजार रुपये की इंटर्नशिप से 52 लाख के पैकेज तक

पढ़ाई के दौरान आराध्या ने न सिर्फ MMMUT बल्कि टेक्नोलॉजी की दुनिया में भी अपने टैलेंट के दम पर एक अलग पहचान बनाई। आराध्या ने स्केलर एकेडमी में 55 हजार रुपये महीने पर इंटर्नशिप पूरा की। इंटर्नशिप के दौरान उनका कार्यकाल इतना सफल रहा कि उसके बाद कम्पनी ने उन्हें 32 लाख रुपये का पैकेज ऑफर किया था। उसी दरम्यान आराध्या को गूगल से ऑफर मिला। हालां​कि इंटर्नशिप के दौरान ही आराध्या ने अच्छा एक्सपीरियंस हासिल किया।

आराध्या त्रिपाठी ने छोटे शहरों के स्टूडेंट्स के लिए पेश की मिसाल

लिंक्डइन पर दी गई जानकारी के अनुसार, उनके पास React. JS, React Redux, Nextjs, टाइपस्क्रिप्ट, Nodejs, MongoDb, ExpressJS और SCSS जैसी कई टेक्नोलॉजी के अनुभव हैं। उनका डेटा स्ट्रक्चर्स और एल्गोरिदम में इंटरेस्ट है। तमाम कोडिंग प्लेटफार्मों पर करीबन 1000+ सवालों के जवाब पूरे किए हैं। जिसकी वजह से उनकी रेटिंग हाई है। कड़ी मेहनत के दम पर आराध्या ने छोटे शहरों के स्टूडेंट्स के सामने एक मिसाल पेश की है। यह बताता है कि आपकी सफलता सिर्फ आपके कॉलेज या नामी गिरामी संस्थान से ही नहीं, बल्कि बेसिकली आपके टैलेंट और हार्ड वर्क पर निर्भर करती है।

गूगल के मानकों पर खरा उतरना भी किसी चुनौती से कम नहीं

गूगल में प्लेसमेंट पाना इंजीनियरिंग छात्रों का सपना होता है। गूगल जैसी दुनिया की सबसे बड़ी कम्पनी के मानकों पर खरा उतरना भी किसी चुनौती से कम नहीं होता है। आराध्या त्रिपाठी को भी उन चुनौतियों का सामना करना पड़ा। 6 राउंड के इंटरव्यू से गुजरते वक्त भी कड़ी मेहनत करनी पड़ी। इंटरव्यू में गूगल के अधिकारियों का सामना करने के लिए उन सवालों के बारे में डीप स्टडी की। जिनके बारे में आमतौर पर गूगल द्वारा पूछा जाता है। 

ये भी पढें-अलवर के योगेंद्र सैनी लंदन में भारत का रोशन करेंगे नाम, कभी धोते थे जूठे बर्तन-बांटे अखबार, अब लाखो ...