दक्षिण भारत के सुपरस्टार रजनीकांत ने भाजपा के खिलाफ बनने वाले विपक्षी दलों के संभावित महागठबंधन पर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा, 'अगर दस पार्टियां किसी एक के खिलाफ साथ आ रही हैं तो समझ सकते हैं कौन मजबूत हुआ।' ऐसी अटकलें हैं कि दिसंबर में जन्मदिन पर रजनीकांत अपने संगठन रजनी मक्कल मंदरम (आरएमएम) को राजनीतिक दल के रूप में लांच कर सकते हैं।

जब रजनीकांत से पूछा गया कि महागठबंधन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी में से आप किसे ज्यादा ताकतवर मानते हैं, तो उन्होंने कहा, 'मैं इस समय भाजपा या पीएम मोदी पर बयान नहीं देना चाहता। लेकिन हां, अगर 10 पार्टियां किसी एक के खिलाफ एकजुट हो रही हैं तो आप समझ सकते हैं कि कौन ज्यादा ताकतवर है।' क्या पीएम मोदी वाकई ज्यादा ताकतवर हैं, इस सवाल पर उन्होंने कहा, '10 लोग हैं जो एक आदमी से लड़ना चाहते हैं, आप अंदाजा लगा सकते हैं कि वो एक आदमी कितना ताकतवर होगा।' 

रजनीकांत का बयान उन अटकलों के बीच आया है कि वह भाजपा में शामिल हो सकते हैं या अपने संगठन आरएमएम का भाजपा में विलय कर सकते हैं। रजनीकांत 2019 के लोकसभा चुनाव में किसके साथ होंगे, यह अभी साफ नहीं है। लेकिन इसे बड़ा संकेत माना जा रहा है। एक दिन पहले रजनीकांत ने चेन्नै एयरपोर्ट के बाहर मीडिया से बातचीत में मोदी सरकार के नोटबंदी के फैसले की आलोचना की थी। उन्होंने कहा था कि नोटबंदी लागू करने का तरीका गलत था और इस पर विस्तार से चर्चा के बाद ही फैसला लेना चाहिए था।  भाजपा के एक खतरनाक पार्टी होने के सवाल पर भी रजनीकांत ने सफाई दी। उन्होंने कहा - 'मैंने कहा था अगर विपक्ष को लगता है कि भाजपा खतरा है, तो उनके अनुसार ऐसा होगा। लोगों को तय करने दें भाजपा खतरा है या नहीं।' 

देखिए क्या बोले रजनीकांत

"

तमिलनाडु की मुख्य पार्टी डीएमके ने कुछ दिन पहले रजनीकांत पर भाजपा के हाथों में खेलने का आरोप लगाया था। दरअसल, रजनीकांत को मोदी का करीबी माना जाता है। ऐसे में अटकलें हैं कि भाजपा दक्षिण में रजनीकांत को अपना चेहरा बनाने की तैयारी में है।