मुंबई: महाराष्ट्र में मॉनसून राहत की जगह आफत बन गया है। पूरे राज्य में भारी बारिश की वजह से अलग अलग घटनाओं में 22 लोगों की मौत हो गई है। यह घटनाएं दीवारों के ढहने से हुई हैं। 

पिछले तीन दिनों से हो रही भारी बरसात की वजह से मुंबई के मलाड में कुरार गांव में एक दीवार गिर गई। इस हादसे में 13 लोगो की मौत हो गई और 11 लोग जख्मी हो गए।  

दूसरी घटना पुणे में हुई। जहां के सिंहगढ़ इंस्टीट्यूट की दीवार गिरने से 6 लोगों की मौत हो गई और 4 लोग घायल हो गए। यह सभी लोग दीवार से लगी झुग्गियों में रहने वाले मजदूर थे। मरने वालों में 2 मध्य प्रदेश के जबकि 2 छत्तीसगढ़ के रहने वाले थे। 

तीसरी घटना कल्‍याण इलाके की है। यहां एक स्कूल की दीवार भारी बारिश की वजह से ढह गई। जिसकी वजह से उसका मलबा दो घरों पर जाकर गिर गया। इस हादसे में 3 लोगों की मौत हुई जबकि 1 शख्स घायल हुआ है। 

राज्य में भारी बारिश की वजह से यहां की हवाई उड़ानों पर भी असर पड़ा है। यहां मूसलाधार बारिश की वजह से 54 फ्लाइट्स को डायवर्ट करने की नौबत आ गई है। बारिश के कारण मुंबई एयरपोर्ट का मुख्य रनवे बंद करना पड़ा है। 

बारिश की वजह से आधी रात को स्पाइस जेट की एक फ्लाइट रनवे पर फिसलने लगी थी। जिसकी वजह से बड़ा हादसा होने से बचा। स्पाइस जेट की फ्लाइट 6237 जयपुर से मुंबई की उड़ान पर थी। मुंबई एयरपोर्ट पर लैंडिग के दौरान अचानक विमान रनवे पर फिसलने लगा। विमान के अंदर बैठे यात्री घबरा गए क्योंकि उनके ऑक्सीजन मास्क खुल गए थे। 

हालांकि वक्त रहते पायलट विमान को कंट्रोल करने में कामयाब रहा। इस हादसे के बाद मुंबई एयरपोर्ट का मुख्य रनवे बंद कर दिया गया।