नोएडा. दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश के नोएडा व ग्रेटर नोएडा में अवैध रुप से रह रहे 60 विदेशी नागरिकों को पुलिस ने पकड़ा है। प्राथमिक जांच में इन विदेशियों के पास अधिकृत वीजा नहीं मिले हैं। साथ ही इनकी अवैध शराब व नशीले पदार्थों के कारोबार में भी संलिप्तता थी। पुलिस पूछताछ में जुटी है। 

ग्रेटर नोएडा और नोएडा पुलिस की ओर से इन दिनों दोनों शहरों में ऑपरेशन क्लीन चल रहा है। इस अभियान में स्थानीय पुलिस के साथ लोकल इंटैलिजेंस यूनिट के अधिकारी भी शामिल हैं। नोएडा के एसएपी वैभव कृष्ण ने बताया कि, अवैध दस्तावेजों के सहारे विदेशी नागरिकों के यहां रहने के इनपुट मिले थे। इस आधार पर बुधवार को अभियान चलाया गया। इस दौरान बिना वीजा रह रहे 60 विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है। 

एसएसपी वैभव कृष्ण ने बताया कि, गिरफ्तार किए गए सभी लोग नाइजीरिया के रहने वाले हैं।  यह अभियान बुधवार की सुबह 6 बजे से चलाया गया। इन नागरिकों का वीजा और पासपोर्ट चेक किया जा रहा है। इन पर आरोप है कि ये वीजा खत्म होने के बाद भी इस शहर में रह रहे हैं।